हरियाणा के जिले कैथल के हलके राजौंद में गांव सौंगरी-गुलियाना के जींद कैथल मार्ग पर शनिवार शाम एक ही गांव के चार युवकों के गाड़ी से कुचलने से हुई मौत के बाद रविवार को चारों युवकों का अंतिम संस्कार किया गया।
एक साथ जली चार चिताओं को देखकर मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई। रविवार को चारों युवकों के शव जैसे ही गांव में पहुंचे गांव में कोहराम मच गया। किसी भी घर में चूल्हा नही जला था।
प्रवीण व राकेश के शव एक ही घर में लाए गए थे। मृतकों में प्रवीण पुत्र सुरेश, कर्मबीर पुत्र सूरजमल, सोनू पुुत्र धर्मपाल तीनों युवक अपने घरों के अकेले वारिस थे।
इनमें सोनू के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घर पर उसकी मां और छोटी बहन है। प्रवीण घर में इकलौता था। तीसरा युवक 17 वर्षीय कर्मबीर पुत्र सूरजमल ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ रहा था वह भी अपने घर में इकलौता वारिस था।
वहीं 19 वर्षीय राकेश पुत्र ईश्वर सिंह चार बहन भाइयों में सबसे छोटा था।
घटना पर रविवार को कलायत के इनेलो विधायक रामपाल माजरा, इनेली नेत्री कमलेश ढांडा, इनेलो किसान सेल के प्रदेश महासचिव बिल्लू चंदाना, बलवान कोटड़ा, अमरजीत सौंगरी, राज सिंह नैन, राज कसान, कांग्रेस के पूर्व विधायक रणधीर सिंह उर्फ धीरा, पूर्व मंत्री तेजेंद्र पाल मान के बेटे रणबीर उर्फ बोबी मान, शिवालिक बोर्ड के सदस्य व जिला महासचिव नरेश ढांड़ा ने भी पीड़ित परिजनों की ढांढस बंधाई।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
गांव गुलियाना में चार युवकों को कुचलने वाले सूमो चालक के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मृतक प्रवीण के पिता सुरेश ने दी शिकायत में बताया कि शनिवार की शाम उसका बेटा प्रवीण व उसके साथी राकेश, सोनू, कर्मबीर जींद कैथल मार्ग पर दौड़ लगाने के लिए गए हुए थे कि सूमो चालक जनरैल सिंह किठाना निवासी किठाना की तरफ से गाड़ी को तेज गति, लापरवाही से चलाते हुए सीधी टक्कर मार दी। इससे चारों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।