गांव ललितखेड़ा में शनिवार रात को बिजेंद्र ने छोटे भाई संदीप के सिर पर लाठी से वार कर हत्या कर दी। आरोपी को मृतक पर अपनी पत्नी के साथ संबंधों का शक था। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव ललितखेड़ा निवासी बिजेंद्र की पत्नी के साथ अवैध संबंधों के संदेह के चलते छोटे भाई संदीप से शनिवार रात को कहासुनी हो गई। तैश में आए बिजेंद्र ने लाठी से संदीप के सिर पर वार कर दिया। जिसमें संदीप गंभीर रुप से घायल हो गया। संदीप और परिजनों द्वारा बचाव में मचाए गए शोर से पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
उन्हें देखकर बिजेंद्र मौके से फरार हो गया। परिजनों द्वारा संदीप को सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देख पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता उमेद सिंह की शिकायत पर बिजेंद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।