माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शहर के चौराहों पर जेबरा क्रॉसिंग बनाने का काम शुरू हो चुका है। साथ ही चौराहों पर सड़क सुरक्षा संबंधित जरूरी इंतजाम भी पूरे किए जाएंगे। ताकि कोई हादसे का शिकार न हों। मुख्य मार्गों पर सफेद पट्टी भी लगाई जाएगी ताकि रात में या कोहरा छाने पर कोई सड़क हादसे का शिकार न हो।
शहर के चौराहों पर जेबरा क्रॉसिंग के मिटने के बाद भी पुलिस की ओर से वाहन चालकों के चालान किए जा रहे थे। इस मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। 15 दिसंबर के अंक में प्रकाशित समाचार पर संज्ञान लेने के बाद पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने चालान रुकवा दिए थे। इसके साथ ही उपायुक्त उत्तम सिंह ने भी निगम अधिकारियों को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में चौराहों पर जैबरा क्रॉसिंग बनवाने और सफेद पट्टी लगवाने के निर्देश दिए।
इसी के तहत अब निगम आयुक्त की ओर से हालात पर संज्ञान लेते हुए सफेद पट्टी लगाने का कार्य शुरू कराया गया है। निगम की टीम के अनुसार, एक सप्ताह में सभी चौराहों पर जैबरा क्रॉसिंग व सफेद पट्टी बना दी जाएगी। विदित हो कि शहर में 30 ट्रैफिक चौराहे (जंक्शन) हैं, जहां पर प्रशासन की ओर से शहर की यातायात व्यवस्था को सुधार के लिए ट्रैफिक लाइटें लगाई गई हैं। अब यहां की सभी खामियों को दुरुस्त किया जाएगा।
तीन माह में 643 वाहनों के किए चालान : बरसाती मौसम के बाद की कार्रवाई पर निगाह डालें तो तीन माह में चौराहों पर जेबरा क्रॉसिंग से आगे वाहन खड़ा करने पर 643 वाहनों के चालान किए गए थे। जबकि पिछले एक वर्ष में 3232 वाहनों चालकों पर सड़क चिन्हांकन उल्लंघन पर कार्रवाई हुई। शहर में 30 ट्रैफिक चौराहे (जंक्शन) हैं, जहां पर प्रशासन की ओर से शहर की यातायात व्यवस्था को सुधार के लिए ट्रैफिक लाइटें लगाई गई। इस दौरान लाल बत्ती के समय में वाहनों के निर्धारित स्थान पर रुकने के लिए जैबरा क्रॉसिंग भी बनाई गई थी।
लेकिन ज्यादातर लोग जेबरा क्रॉसिंग से पहले की बजाय इसके ऊपर वाहन खड़ा करते हैं। ऐसे लोगों का पुलिस की ओर से ऑनलाइन भी चालान किया जाता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर मौजूद विधायक व वक्ता।