पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद पुलिस।
- फोटो : संवाद
अस्पताल में उपचाराधीन रिश्तेदार का हाल जानने करनाल आए लाडवा निवासी युवक की शुक्रवार को चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। हांसी चौक के पास न्यू बहादुर चंद कॉलोनी में बाइक से उतरकर घर के बाहर खड़े युवक पर 4-5 युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकुओं से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल युवक को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान लाडवा निवासी अमन सैनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमन अपने दोस्त रमन के साथ करनाल आया था। रमन की मौसी का बेटा अनूप सरकारी अस्पताल में भर्ती था। उसका पथरी का ऑपरेशन हुआ था। दोनों अस्पताल में अनूप का हालचाल जानने पहुंचे थे। इसके बाद वे मरीज के कपड़े लेने के लिए न्यू बहादुर चंद कॉलोनी स्थित घर पहुंचे।
बाइक से उतरते ही किया हमला
दोस्त रमन के अनुसार, घर के बाहर बाइक रोककर खड़े होते ही 4-5 युवकों ने अमन को घेर लिया और चाकुओं व डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने अमन के गले, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए। बीच-बचाव करने आए रिश्तेदार पर भी हमला किए जाने की बात सामने आई है। गंभीर हालत में अमन को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
परिजनों ने शिवा और साथियों पर लगाया आरोप
मृतक के परिजनों ने शिवा नाम के युवक और उसके साथियों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से पुरानी रंजिश नहीं थी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
वारदात की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस और सीआईए-3 की टीमें सक्रिय हुईं। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। इसके बाद दोस्त रमन को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।