माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दो दिन पहले घर से काम के लिए निकले भिवानी के 35 वर्षीय युवक के कपड़े, मोबाइल और एक नोट वीरवार को करनाल में पश्चिमी यमुना लिंक नहर की ब्रांच के पास से मिले हैं। नोट में अपना पता और परिजनों के मोबाइल नंबर लिखे हैं। अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है।
युवक के नहर में कूदने की आशंका। लापता युवक की पहचान अजय निवासी मोहिला गांव, सिवानी तहसील भिवानी के तौर पर हुई है। अजय टंकी बनाने का काम करता है। वह शादीशुदा और एक बच्चे का पिता है। सूचना मिलते ही अजय के परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने उसके कपड़े और मोबाइल पहचान लिए। तलाशी अभियान में अजय का सुराग नहीं लगा।
चचेरे भाई ने बताया कि अजय दो दिन पहले मंगलवार सुबह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला। इसके बाद वापस नहीं आया। मंगलवार रात को करीब साढ़े दस बजे अजय ने फोन कर अपने भाई से कहा कि वह करनाल के विश्वकर्मा चौक पर है। अजय ने उससे गुजारिश करते हुए कहा कि अब उसके परिवार को संभाल लेना। वह जा रहा है। इसके बाद से उसने फोन नहीं उठाया और परिजन उसे ढूंढ़ते रहे। बुधवार को नहर किनारे घूम रही एक महिला को फोन मिला। उस पर लगातार कॉल आ रही थी। महिला ने फोन उठाया और फोन की जानकारी दी। इसकी जानकारी महिला ने पुलिस को दी।
परिजनों ने बताया कि अजय के कपड़ों के साथ एक पत्र भी मिला। जिसमें लिखा था कि मेरा नाम अजय है। पिता का नाम धनपत है। इसके अलावा पत्र में अपने पिता समेत तीनों भाइयों के मोबाइल नंबर लिखे हैं। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सामान को कब्जे में लिया।