फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: कनाडा में नरूखेड़ी के युवक की हृदय गति रुकने से मौत, नमकीन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

विज्ञापन
विज्ञापन
करनाल। कनाडा के ब्रैम्पटन में रहने वाले नरूखेड़ी गांव निवासी 27 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। रजत नरवाल अपनी सात माह की गर्भवती पत्नी अक्षिता के साथ मंगलवार शाम सैर पर निकले थे। इसी दौरान एक दुकान से नमकीन खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने मौत का कारण हृदय गति रुकना बताया है। वीरवार को कनाडा में पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार अब शव भारत लाने की प्रक्रिया में जुटा है।
विज्ञापन

रजत की मौत की खबर मिलते ही नरूखेड़ी स्थित उनके परिवार में मातम पसर गया। माता-पिता गुरमेल और सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। रजत की करीब दो साल पहले शादी हुई थी और पत्नी सात महीने की गर्भवती है। परिवार आने वाले बच्चे के जन्म की तैयारियों में जुटा था लेकिन अचानक आई इस खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

वर्ष 2017-18 में स्टडी वीजा पर गया था कनाडा
परिजनों के अनुसार, रजत वर्ष 2017-18 में स्टडी वीजा पर कनाडा गए थे। पढ़ाई के साथ वह प्लंबिंग का काम भी करता थे। मेहनत के दम पर उन्होंने कनाडा में स्थायी निवास (पीआर) हासिल कर लिया था। वह फिलहाल ब्रैम्पटन, ओंटारियो में रह रहे थे। रजत का भाई पम्मी भी वर्ष 2017-18 में अमेरिका गया था और वहीं काम करता है। रजत की शादी 4 जनवरी 2025 को पानीपत के मॉडल टाउन निवासी अक्षिता के साथ हुई थी। शादी के करीब दो महीने बाद ही वह पत्नी को कनाडा ले गए थे। परिजनों के अनुसार, रजत ने मौत से एक दिन पहले अपनी मां सुनीता से फोन पर बातचीत की थी।
विज्ञापन


बहन ने फोन कर परिवार को दी सूचना

रजत की चचेरी बहन अंशुल भी कनाडा में रहती है। उसने फोन कर परिवार को रजत की मौत की सूचना दी। इसके बाद अमेरिका में रह रहा उसका भाई पम्मी भी साथियों के साथ कनाडा पहुंचा। कनाडा और अमेरिका में रहने वाले कई रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे हैं। परिवार ने रजत का शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, अक्षिता की डिलीवरी नजदीक होने के कारण रजत के माता-पिता भी कनाडा जाने की तैयारी कर रहे थे। दोनों के पासपोर्ट रिन्यू होने के लिए गए हुए थे। पासपोर्ट मिलते ही उन्हें कनाडा रवाना होना था, लेकिन इससे पहले ही रजत की मौत हो गई। अब परिवार बेटे का शव भारत लाने की तैयारी में जुटा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें