रामनगर के एक युवक की हत्या तेजधार हथियार से काछवा रोड पश्चिमी यमुना नहर
पर कर दी। परिजनों ने हत्या का आरोप उसके ही दो दोस्तों पर लगाया है।
वीरवार अलसुबह पुलिस को हत्या की सूचना मिली और पुलिस के आलाधिकारी नहर पर
पहुंचे। युवक का शव नहर के समीप सूर्य देव मंदिर के सामने पड़ा था। रामनगर
चौकी पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर
एसपी अभिषेक गर्ग और डीएसपी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
कल्पना
चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव
परिजनों को सौंप दिया। रामनगर वासी मोनू (25) बुधवार रात को उसके दोस्त
रमन उर्फ काला वासी रामनगर व प्रदीप वासी गांधी नगर के साथ पश्चिमी यमुना
नहर पर गए थे।
किसी बात को लेकर उनमें तकरार हो गई और मोनू की हत्या तेजधार
हथियार से कर दी। पुलिस को शव के पास से शराब सहित खाने पीने का सामान
मिला है। मृतक के परिजनों ने बताया कि आरोपी रमन उर्फ काला की डेयरी थी और
भैंसों का काम भी करता था। मोनू भी वहीं पर कार्यरत था।
दो साल पहले किसी
बात को लेकर उनमें अनबन हो गई थी और मोनू ने जाना बंद कर दिया था। तभी से
उनमें रंजिश चल रही थी। दोबारा से मोनू से बदला लेने के लिए वह दोस्त बनकर
आते जाते रहे हैं। वारदात की सूचना वीरवार अलसुबह मिली और रामनगर पुलिस ने
मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया।
शराब बनी हत्या का कारण
मोनू
की हत्या का कारण शराब भी है। यदि वह नशे से दूर रहता तो वह स्थिति को
भांप सकता था और मौके से भाग भी सकता था। पुलिस का मानना है कि अधिकतर
वारदात नशे में होती हैं। लोग पूरी प्लानिंग करके आते हैं और नशे में
डूबोकर वारदात को अंजाम देते हैं। नशे में कोई भी हो वह स्थिति को नहीं परख
पाते और बचाव करके भागने में भी असमर्थ हो जाते हैं।