हरियाणा के शिक्षा एवं परिवहन मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि योग
धार्मिक मसला नहीं है, योग जीवन जीने की कला है। यह प्राकृतिक साधन है, यह
आत्मा व परमात्मा से जोड़ने का आसान तरीका भी है। यह किसी की धार्मिक आस्था
को ठेस नहीं पहुंचाता, बल्कि व्यक्तित्व को निखारता है।
अगर कोई योग का
धर्म से जोड़ता है तो यह उसकी सोच पर निर्भर करता है। देश के प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी की यूएनओ में योग अपनाने की अपील को विश्व के 177 देशों ने
स्वीकार किया है, जिनमें करीब 47 मुस्लिम देश भी शामिल है। योग किसी एक
जाति, धर्म और देश के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए वरदान है और इसका
लाभ लेना चाहिए। शर्मा वीरवार को पंचायत सदन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
के अवसर पर प्रदेश में होने वाले योग कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा
बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के डीसी एवं उनके
प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की गहनता से
समीक्षा की और निर्देश दिए। शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर
करनाल में 21 जून को राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा,
जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल शामिल होंगे। इसके अलावा इसी दिन
पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक
में उपस्थित सभी जिला उपायुक्तों एवं अतिरिक्त उपायुक्तों ने अपने-अपने
जिला की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय
योग दिवस हिंदुस्तान के लिए गौरव का दिन है।
उन्होंने कहा कि 21 जून को
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया के 177 देशों के लोग जाति-धर्म व वर्ग
संप्रदाय को भुलाकर सामूहिक रूप से योग करेंगे। प्रधानमंत्री इसी दिन
दिल्ली में राजपथ पर योग कार्यक्रम में शामिल होकर योग करेंगे। शर्मा ने
कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक जन भागेदारी हो इसके लिए
व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि लोग इसका लाभ ले सकें। हरियाणा में 21 जून को
जिला स्तर पर होने वाले योग कार्यक्रमों में प्रदेश के विधायक, एमपी,
मंत्री व अन्य कोई न कोई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। बैठक में असंध के
विधायक बख्शीश सिंह, आयुष विभाग के महानिदेशक गुलशन कुमार, शिक्षा विभाग के
निदेशक एमएल कौशिक, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, यमुनानगर, कैथल, फरीदाबाद,
रेवाड़ी, पलवल, गुड़गांव, अंबाला, पानीपत, पंचकूला, जींद, सिरसा, हिसार,
रोहतक, झज्जर, भिवानी व अन्य जिलों के अतिरिक्त उपायुक्त तथा भारत
स्वाभिमान के प्रांतीय प्रभारी ईश आर्य सहित पतंजलि योग पीठ के प्रतिनिधि
भी उपस्थित रहे।
भव्य हो कार्यक्रम : खंडेलवाल
खेल विभाग के
अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. केके खंडेलवाल ने बैठक में कार्यक्रम की सफलता के
लिए आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उन्होंने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि 21
जून को जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रम भव्य हो, अभी से इनकी तैयारियां
पूरी की जाएं। सूचना, जनसंपर्क एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के महानिदेशक
अभिलक्ष लिखी ने बैठक में बताया कि विभाग द्वारा योग दिवस के कार्यक्रम को
लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मीडिया के माध्यम से व्यापक
प्रचार किया जा रहा है।
मैदान में 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था
उपायुक्त
डॉ जे. गणेशन ने राज्य स्तरीय योग दिवस की तैयारियों के बारे में जानकारी
देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 21 जून को करनाल के सेक्टर 32-33 के मैदान
में आयोजित किया जाएगा। इस मैदान में करीब 30 हजार से भी अधिक लोगों के
बैठने की व्यवस्था की जाएगी। बैठने की व्यवस्था को सेक्टरों में वितरित
किया गया। उन्होंने बताया कि योग कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी लोगों को
टी-शर्ट, पीने का पानी व अल्प आहार दिया जाएगा। कार्यक्रम में भाग लेने
वाले लोगों के लिए पंजीकरण किया जा रहा है। पंजीकरण के बाद सभी को प्रशासन व
पतंजलि योग पीठ द्वारा प्रवेश पत्र दिए जाएंगे।
9 लाख को दिया प्रशिक्षण
पतंजलि
योग समिति के प्रदेश प्रभारी डा. जयदीप आर्य ने बताया कि कार्यक्रम में
करीब 21 हजार व्यक्ति भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर होने वाले
कार्यक्रमों में 2100 या इससे अधिक व्यक्ति भाग लेंगे। प्रदेश में अब तक
पतंजलि योग पीठ द्वारा करवाए गए प्रशिक्षणों में करीब 9 लाख लोगों ने भाग
लिया। यह प्रशिक्षण पतंजलि योग पीठ के 5000 प्रशिक्षकों द्वारा आयोजित
करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए स्कूलों के
पीटीआई, शिक्षकों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी योग का
प्रशिक्षण दिया जा चुका है।