रिश्तेदार आए तो हुआ हंगामा, मामला दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सेक्टर-35 स्थित संतूर सोसाइटी में शुक्रवार शाम एक महिला द्वारा अपने पति की ओर से बेचे गए फ्लैट पर जबरन कब्जा करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला का उसके पति के साथ विवाद चल रहा है। शुक्रवार को वह अपने बच्चों के साथ फ्लैट पर आई। कंपनी के सेल्समैन को फ्लैट दिखाने की बात कही। उसने फ्लैट के अंदर जाने के बाद सेल्समैन को धक्का देकर बाहर निकाल दिया और खुद को बच्चों के साथ अंदर बंद कर लिया।
इसकी जानकारी मिलते ही कंपनी ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पुलिस पहुंची। जिसने अब फ्लैट खरीदा है उसके मालिक तरुण अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया है। महिला की पहचान खेता नारंग निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे थाने बुलाने के लिए नोटिस जारी किया, लेकिन वह अनुपस्थित रही। वहीं मौके पर दंपती के रिश्तेदार भी पहुंचे। उन्होंने सीडब्ल्यूसी को सूचित कर बच्चों को फ्लैट से बाहर निकलवाने की गुहार लगाई। तर्क दिया कि महिला तीन दिन से फ्लैट में बिना बिजली पानी के बच्चों के साथ रह रही है। उनका दम घुट रहा है। सीडब्ल्यूसी अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान खेता नारंग, उनके रिश्तेदारों के बीच खूब बहस भी हुई। दोनों ने एक दूसरे पर आरोप भी जड़े।
दिल्ली निवासी तरुण अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि उसने जनवरी 2025 में यह फ्लैट दीपक नारंग नामक व्यक्ति से खरीदा था। तरुण का कहना है कि उन्होंने यह फ्लैट अपनी जीवनभर की जमापूंजी से खरीदा था ताकि वह अपने परिवार के पास करनाल में रह सके। तरुण ने कहा कि इस घटना से उनका परिवार मानसिक तनाव में है। सेक्टर 32-33 थाना पुलिस से जांच अधिकारी कुसुम ने कहा कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला को थाने बुलाया गया था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुई।