करनाल। मतदान के दौरान वीरवार को कई स्थानों पर छिटपुट घटनाएं भी हुईं। शहर के हांसी रोड क्षेत्र में पुत्र को मरा बताने पर गुस्साई महिला ने बीएलओ को थप्पड़ जड़ दिया। इसके अलावा शाम के समय रामनगर क्षेत्र में भाजपा और इनेलो समर्थकों के बीच नारेबाजी करने को लेकर मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर डीएसपी जोगिंद्र राठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी बना दिए जाने पर दोनों पक्षों के लोग भी तितर-बितर हो गए।
बताया गया कि शहर के कर्ण पब्लिक स्कूल में शीला नामक महिला अपने बेटे राजेश का वोट डलवाने के लिए पहुंची। बूथ नंबर 124 के बीएलओ ने महिला को कहा कि उसकी वोट डाला जा चुका है। जवाब में महिला ने कहा उनकी तीन वोट हैं। वह अपने बेटे का वोट डलवाने के लिए आई हैं। अभी उसे एक बेटे सुखबीर को भी मतदान करने के लिए लाना है। आरोप है कि बीएलओ ने महिला के बेटेे सुखबीर को मृतक बता दिया। गुस्साई महिला ने बीएलओ को थप्पड़ दे मारा। बाद में इस बात को लेकर हंगामा हुआ। महिला बाद में वोट डालने के लिए रेलवे यार्ड में काम करने वाले अपने बेटे को मतदान कराने ले गई, बताया गया कि उसे मतदान कराने के बजाय वहां से खदेड़ दिया गया। इसके अलावा गांव बलड़ी में वोट डालने के मामले को लेकर भी दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इस कारण हुए बवाल के दौरान करीब 15 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा।
दूसरी ओर शाम को तीन से चार बजे के बीच रामनगर क्षेत्र में पूर्व पार्षद उषा तुली के घर के सामने एसडी स्कूल के मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और इनेलो समर्थकों के बीच जमकर झड़प हुई। भाजपा के पूर्व पार्षद श्यामू छाबडा और इनेलो के पूर्व पार्षद जसविंद्र संधू के भाई बिट्टू संधू (अमरजीत संधू) के बीच नारे नहीं लगाने को लेकर विवाद गहरा गया। बताया गया कि भाजपा समर्थक नारेबाजी कर रहे थे, जो गलत था। ऐसा करने से रोका तो वह लोग मारपीट पर उतर आए थे। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर गालीगलौज करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
डीएसपी मुख्यालय जोगिंद्र राठी और सिटी थाना प्रभारी रणधीर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कमांडो और हरियाणा पुलिस फोर्स ने मौके पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र को चंद मिनटों में ही छावनी बना दिया। फोर्स भांप कर क्षेत्र के लोग शांत माहौल में रहे।