माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/निसिंग। वार्ड नंबर आठ के एक मकान में वीरवार की सुबह करीब आठ बजे मनदीप कौर (42) अपने कमरे में फंदे से लटकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जब तक पुलिस मकान में आई तब तक महिला के शव को परिवार की ओर से फंदे से उतारा जा चुका था। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। महिला ने चुनरी से फंदा बनाया है जबकि चुनरी का आधा हिस्सा मौके से नहीं मिला।
पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। पंजाब के अमृतसर से मायके वालों के आने के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतका के ससुर राजकुमार ने बताया कि सात साल पहले उनके बेटे बंटी उर्फ वीरेंद्र से मनदीप की शादी हुई थी। उनका एक छह वर्षीय बेटा भी है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मोबाइल रिपेयरिंग दुकान व जनरल स्टोर चलाता है। सुबह वह दुकान पर सफाई करने गया था, पीछे से पत्नी ने यह कदम उठा लिया। वे मकान की पहली मंजिल पर रहते हैं। बेटे के बुलाने पर वे भी नीचे आ गए थे।
निसिंग थाना प्रभारी श्रीभगवान का कहना है कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला के माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। मायके में मृतक महिला की चाची व अन्य सदस्य हैं। बताया जा रहा है कि परिवार में झगड़े के कारण महिला ने यह कदम उठाया है। पुलिस अभी इसे आत्महत्या ही मान रही है। हालांकि इसकी जांच की जाएगी।
महिला ने की थी तीसरी शादी
मृतक महिला के ससुर राजकुमार ने बताया कि उनके बेटे बंटी उर्फ वीरेंद्र की यह चौथी शादी थी। इससे पहले उसके दो तलाक हो चुके हैं और एक पत्नी की मौत हो चुकी है। इधर, मृतका मनदीप कौर की भी यहां तीसरी शादी हुई थी। अब से पहले भी उसने दो बार शादी की थी, जहां रिश्ता नहीं चल पाया था। उनका कहना है कि परिवार में किसी तरह का झगड़ा नहीं है।
117.... महिला की मौत के बाद जांच करती एफएसएल की टीम। संवाद