अंबाला। पति की मौत के बाद उसके हिस्से की जमीन मांगने पर महिला को प्रताड़ित करने और पीटकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महेश नगर थाना पुलिस ने उसकी सास, चाचा ससुर और मामा ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मूल रूप से कुरुक्षेत्र के नखरोजपुर गांव की रहने वाली पीड़िता फिलहाल अंबाला छावनी के महेश नगर में शिव मंदिर के पास किराये के मकान में रहती है। वह मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। उसके पति विजय सैनी की वर्ष 2021 में मौत हो गई थी।
पीड़िता ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज के जनता दरबार में न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद महेश नगर थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि पति की मौत के बाद से ही उसकी सास परमजीत कौर, चाचा ससुर जगीर सैनी और मामा ससुर बलदेव सैनी उसे परेशान कर रहे हैं।
पीड़िता के अनुसार, जब भी वह पति के हिस्से की जमीन मांगने ससुराल जाती थी तो आरोपी उसे कम दहेज लाने का ताना देते थे। आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। साथ ही कहा कि जब तक वह और दहेज नहीं लाएगी, उसे जमीन में हिस्सा नहीं मिलेगा। दोबारा जमीन मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। थाना प्रभारी वरिंदर वालिया और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आगामी जांच की जा रही है।