माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। राजस्थान के बागड़ मेले में भगत सिंह कॉलोनी निवासी बाबा पति वेदपाल और संगत के साथ गई महिला रीना (40) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के पिता मिया सिंह ने दामाद पर तंत्र क्रिया करके हत्या करने का आरोप लगाया है।
सोमवार को मेडिकल कॉलेज में मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के मुद्दे पर ससुराल और मायका पक्ष के बीच हंगामा हो गया। पुलिस ने उन्हें शांत कराया। पुलिस का कहना है कि मौत के कारण का खुलासा पोस्टमार्टम और फाॅरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगा।
सेक्टर-32 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि रीना अपने पति बाबा वेदपाल और संगत के साथ 13 सितंबर को राजस्थान बागड़ के मेले में गई थीं। 14 सितंबर को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार को सुबह 112 पर कॉल आई थी, जिसमें कहा गया कि महिला की हत्या उसके पति ने की है। सूचना पर पुलिस टीम मृतका के घर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया। मृतका के पिता की शिकायत पर पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
डॉक्टर की नौकरी छोड़, अघोरी बना दामाद
मृतका के पिता मिया सिंह का आरोप है कि वेदपाल पहले डॉक्टर थे। बाद में उसने नौकरी छोड़ दी। इसके बाद तंत्र विद्या सीखने लगे। अघोरी के रूप में काम करते हैं। उनका आरोप है कि दामाद ने ऐसी विद्या पढ़ ली है कि वह किसी को मार कर जिंदा कर सकता है। इसी विद्या से ही उनकी बेटी की हत्या हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 30 साल पहले उनकी बेटी रीना की वेदपाल के साथ शादी हुई थी।
शरीर पर नहीं है कोई निशान
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि डॉक्टरों को पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर पर किसी भी तरह की चोट का निशान नहीं मिला है। नमूने एफएसएल मधुबन भेजे गए हैं। वहां से रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। अंतिम संस्कार के मुद्दे पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, उन्हें समझा दिया गया था। मृतका के परिजन का कहना है कि वे मौत के सही कारण जानना चाहते हैं।