करनाल। जीटी रोड पर आईटीआई चौक के समीप बाइक सवार दंपती ट्रक की चपेट में आ गए। जिसमें महिला की मौत हो गई। वहीं उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है।
दोनों यूपी के रहने वाले हैं। ट्रक चालक ने बताया कि दंपती बाइक पर सवार थे तो वह जीटी रोड पर दूसरी लाइन से उसके ट्रक की ओर आ गए। उनकी बाइक उसके ट्रक की साइड में टकराई और महिला सुखविंदर कौर ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गई। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका पति साहब सिंह जख्मी हो गया। ये दवाई लेने के लिए मेडिकल कॉलेज की ओर आ रहे थे।
तीन जगहों पर हुए हादसे : इससे अलग जिले में अलग-अलग जगहों पर तीन हादसे हुए। मॉडल टाउन में टायर निकलने पर एक टेंपो पलट गया। जिसमें सरसों के तेल की बोतलें भरी थी। उसे क्रेन की मदद से सीधा किया गया। वहीं रविवार देर रात को करनाल-कैथल रोड पर पराली से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे जाम की स्थिति बनी रही।
मजदूरों की मदद से पराली को सड़क से दूर किया गया और फिर ट्राॅली को सीधा किया गया। वहीं इंद्री रोड पर गांव सलारू के समीप इंटरलॉकिंग टाइलों से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली पलट गई। इस कारण इंद्री रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही। इसके बाद उसे भी सड़क किनारे किया गया। संवाद