फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रात को बंद रहेंगे बिना गार्ड वाले एटीएम

Thu, 27 Feb 2014 12:20 AM IST
कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
बैंकों और एटीएम में सुरक्षा के मुद्दे को लेकर एसपी कुलदीप सिंह यादव ने बुधवार को कोयल कांप्लेक्स में जिले के सभी बैंक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें फैसला लिया गया कि जब तक सभी एटीएम पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं हो जाते, तब तक रात को बिना गार्ड के एटीएम बंद किए जाएंगे।
विज्ञापन


सभी बैंक अधिकारी अपने प्रबंधन से अनुमति लेकर गार्ड रखे जाने तक एटीएम को बंद रखना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई जिसमें अभी भी कई प्रकार के सुरक्षा उपाय बैंकों में नहीं किए जा रहे हैं। एसपी कुलदीप सिंह यादव और डीएसपी रविंदर सिंह तोमर ने सुरक्षा उपायों पर चर्चा करते हुए इनका पालन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आरबीआई के अधिकारी रामगोपाल सहित लीड बैंक मैनेजर राकेश चौधरी सहित सभी बैंकों के अधिकारियों ने भाग लिया।

अधिकतर एटीएम में गार्ड नहीं
बैठक में एसपी ने एक-एक कर सभी बैंकर्स से एटीएम एवं बैंकों में सुरक्षा गार्ड की तैनाती के बारे में पूछा तो पता चला कि जिले में अधिकतर एटीएम में सुरक्षा गार्ड नहीं हैं। एसपी ने गार्ड एवं बिना गार्ड वाले एटीएम की संख्या एवं लोकेशन के बारे में शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा। साथ ही बैंकों एवं एटीएम में एक ही गार्ड होने के कारण भी सुरक्षा में सेंध लगने का मुद्दा उठा। वहीं एसपी ने एटीएम से चोरी की वारदात के बाद हुए खुलासे के बाद कहा कि अधिकारी केवल एक व्यक्ति के हवाले एटीएम न छोड़ें। समय-समय पर अकस्मात चेकिंग की जाए।
विज्ञापन


पहले के निर्देशों पर चुप्पी
एसपी ने बैंकर्स को पिछली मीटिंग में दिए गए निर्देश कि बैंकों के सामने पीली लाइन लगवाकर पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करें, एटीएम एवं बैंकोें में एसएचओ एवं पुलिस थाने का नंबर अंकित किया हुआ बोर्ड लगाएं के बारे में जानकारी लेनी चाही तो अधिकतर बैंक अधिकारियों ने चुप्पी साध ली। कोई भी बैंक अधिकारी यह बताने की स्थिति में नहीं था कि उन्होंने पार्किंग के लिए कोई कदम उठाया है। कुछ बैंकर्स ने यह जानकारी जरूर दी कि सुरक्षा गार्ड रखे जाने का निर्णय प्रबंधन स्तर पर लिया जाता है। जिला प्रशासन के आह्वान पर कई बार आला अधिकारियों को पत्र लिखे जा चुके हैं। प्रबंधन की अनुमति से ही इस बारे में कार्रवाई होती है।

नियमों के पालन का आह्वान
एसपी ने सभी बैंकर्स को प्रबंधन के साथ कम्युनिकेशन करते हुए एटीएम में गार्ड तैनात करने, सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता एवं उचित लोकेशन पर लगाए जाने, बड़ा कैश लाने व ले जाने में पुलिस सहायता लिए जाने, बैंकों के बाहर पीली लाइन लगवाकर पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने, बैंकों में अलर्ट के लिए कई जगहों पर अलॉर्म स्विच लगाने, एसएचओ एवं थानों के नंबर डिस्पले करने, सुरक्षा जांच के लिए समय-समय पर मॉकड्रिल करने, एटीएम के शटर में सेंटर लॉकिंग का प्रबंधन करने के निर्देश दिए।

नियमों का पालन होगा
लीड बैंक मैनेजर राकेश चौधरी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के साथ हुई बैठक में सुरक्षा के  मद्देनजर बैंक अधिकारियों को अपने प्रबंधन से अनुमति लेकर बिना गार्ड वाले सभी एटीएम को रात को बंद किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण प्वाइंट पर सावधानी बरतने का आह्वान किया है। सभी बैंकर्स को इस बारे में निर्देश जारी किए गए हैं। उम्मीद है कि सभी अधिकारी आला अधिकारियों से अनुमति लेकर इनका पालन करेंगे।

कई मुद्दों पर चर्चा
एसपी कुलदीप सिंह यादव ने कहा कि कैथल सहित आसपास के जिलों में एटीएम से कैश की लूट, चोरी, तोड़फोड़ आदि की घटनाओं को लेकर बैंकर्स के साथ बैठक में कई महत्वपूर्ण उपायों पर चर्चा हुई है। नियमों का पालन करने का आह्वान किया गया है। साथ ही बिना गार्ड वाले एटीएम को रात को बंद रखने का भी निर्णय हुआ है। कई बैंकों ने इन घटनाओं के बाद गार्ड रख लिए हैं। उम्मीद है कि सभी बैंकर्स नियमों का पालन करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें