माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सर्दी के मौसम को देखते हुए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी है। निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी स्कूलों में एक से 15 जनवरी, 2026 तक शीतकालीन अवकाश रहेगा। 16 जनवरी से सभी विद्यालय पहले की तरह नियमित रूप से खुल जाएंगे।
इस संबंध में विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। निदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि शीतकालीन अवकाश के दौरान सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों के मानकों के अनुसार अगर आवश्यक हो तो 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार प्रेक्टिकल परीक्षाओं के लिए विद्यालय बुलाया जा सकता है। यह व्यवस्था केवल बोर्ड कक्षाओं के लिए लागू होगी।
जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा का कहना है कि सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने एक जनवरी से 15 दिन के शीतकालीन अवकाश करने का निर्णय लिया गया है ताकि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा सके।