करनाल। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा है कि कुटैल अंजनथली, फतूपुर, मुंदड़ी खेड़ी, राम नगर में रोड़ बिरादरी की ओर से दी गई जमीन पर बनाए गए संस्थानों में समाज और क्षेत्र के युवाओं को नौकरी और शिक्षा में कोटा देने की मांग विधानसभा में उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुटैल में बनाए जा रहे मेडिकल यूनिवर्सिटी का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय से बदल कर गुरु स्वामी ब्रह्मानंद के नाम पर रखने की मांग भी करेंगे। रविवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव राजेंद्र कल्याण के निवास पर मीडिया से मुखातिब राव नरेंद्र ने कहा कि सरकार रोड़ समाज के लोगों की जमीन लेकर भी उनके साथ धोखा कर रही हैं। इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रोड़ बिरादरी के साथ न्याय करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी, ब्रिगेडियर रणधीर सिंह, सूबे सिंह, सतबीर सिंह, पाला राम मंजूरा, बलवीर सिंह, एडवोकेट रामपाल, जोगिंदर हथलाना, राम कुमार कल्याण आदि मौजूद रहे। ब्यूरो