करनाल। शहरवासियों को बिजली के अघोषित कट झेलने पड़ रहे हैं। जिससे निजात दिलाने के लिए बिजली निगम की ओर से सेक्टर छह फीडर की 11 केवी लाइन में ढांचागत सुधार किया जाएगा और शहरवासियों को निर्बाध बिजली मिलेगी। वहीं बिजली निगम के कर्मचारियों को फाल्ट ढूंढ़ने में भी आसानी होगी।
इसके तहत शहर की 12 किलोमीटर लाइन में कंडक्टर व केबल बदले जाएंगे। 11 केवी की लाइन में 10 ट्रांसफार्मर भी बदले जाएंगे। जियो स्विच और डंपर इंसुलेटर भी बदले जाएंगे। लाइनों के लोड को कम करने के लिए एचटीएबी केबल की जगह एक्सएलपीई केबल लगाई जाएगी। बिजली निगम की ओर से दिवाली पर बिजली की आपूर्ति निर्बाध मुहैया करवाने के लिए यह तैयारी शुरू कर दी गई है।
एसडीओ कुलदीप सिंह ने बताया कि रामनगर से श्मशान घाट तक बिजली लाइन के नौ मीटर लंबे खंभे हटाकर उनकी जगह 11 मीटर लंबे खंबे लगाए जाएंगे और तकरीबन एक किलोमीटर लंबी लाइन को खड़ा किया जाएगा। इस बिजली लाइन पर केबल भी नहीं लगाई जाएगी। दूसरी ओर रामनगर में रेलवे टू व्हीलर ब्रिज से लेकर चार खंभा चौक तक बिजली के पोल बदले जाएंगे यह पोल नौ मीटर की जगह 11 मीटर के लगाए जाएंगे। ऐसा होने पर क्षेत्र में बढ़ते लोड के कारण फाल्ट से निजात मिलेगी।
सेक्टर छह में 11 केबी की एलटी लाइन व प्रताप फीडर की तीन किलोमीटर लाइन को बदला जाएगा। रामनगर सब डिवीजन को 33 केबी हकीकत नगर व बाजारी कॉलोनी के दो फीडरों का लोड विभाजित किया जाएगा। इसके लिए काम चल रहा है। बिजली निगम की ओर से सर्दी का मौसम शुरू होने से पहले दोनों फीडरों के लोड को विभाजित कराया जाएगा। इन क्षेत्रों में बिजली फाल्ट में लो वोल्टेज की दिक्कत रहती है।
इन कॉलोनियों में बदली जाएगी केबल
बिजली निगम की ओर से विभिन्न कॉलोनी में तकरीबन सात किलोमीटर लंबी हेवी लोड की केबल तार लगाई जाएगी। जिसमें न्यू वाल्मीकि कालोनी में 390, आनंद विहार में 135, भीमनगर में 280, रेशम नगर एक्सटेंशन में 242 मीटर और गप्पू वाला बाग में 230 मीटर एचटीएबी केबल को एक्सएलपीई में बदला जाएगा।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे नए ट्रांसफॉर्मर
शांति नगर और गांधीनगर में ट्रांसफार्मरों की क्षमता 100 केवीए से बढ़ाकर 200 की जाएगी और 100 केवीए के तीन नए ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। इसके अलावा मेरठ रोड सब डिवीजन के तहत सेक्टरों में तीन नए ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। शिव कॉलोनी में एक किलोमीटर, रामनगर में एक किलोमीटर व शांति नगर व गांधीनगर में तीन किलोमीटर क्षेत्र में चार खंभा चौक तक पोल बदले जाएंगे।