करनाल। जिले में गेहूं की खरीद 24 मंडियों एवं खरीद केंद्रों पर होना तय हुआ है। इसके लिए प्रशासन की ओर से गेटपास काटने का समय व अन्य नियम और शर्तें जारी कर दी गई हैं लेकिन मंडियों में धरातल पर तैयारियां नाकाफी हैं। यह हालात तब हैं जब गेहूं खरीद शुरू होने में महज एक दिन शेष है।
अभी तक जिले की अनाज मंडियों में बरदाना भी नहीं पहुंचा है। इसके अलावा सभी गेटों पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं ताकि निगरानी हो सके। वहीं पेयजल, शौचालय और सफाई की व्यवस्था भी पूरी नहीं है। पहली अप्रैल से गेहूं की आवक तेज होने लगेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
पिछले वर्ष भी गेहूं खरीद के समय मंडियों में दबाव और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आई थीं। उस समय आवक बढ़ने के साथ मंडी प्रबंधन की खामियां खुलकर सामने आई थीं। इसके बावजूद इस बार भी व्यवस्था में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा, जिससे प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।