करनाल। इस बार मंडियों में धान की तुलाई इलेक्ट्रॉनिक कांटों से होगी। किसान मोबाइल एप से घर बैठे ही मंडी गेट पास भी डाउनलोड कर सकेंगे। आढ़तियों के लिए प्रत्येक दुकान पर पांच डिजिटल मॉइश्चर मीटर रखना अनिवार्य है। सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी मार्केट कमेटी ओर से सभी आढ़तियों को आदेश जारी किए गए हैं।
हरियाणा की मंडियों में फसल की बिक्री के समय किसानों को आने वाली दिक्कतों के समाधान के लिए हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में मंडी बोर्ड मुख्यालय के उच्च अधिकारियों से मिला। इस वार्ता में किसानों की कई मुख्य मांगों पर सहमति बनी। भारतीय किसान यूनियन सर छोटूराम के प्रवक्ता बहादुर मेहला बलड़ी ने कहा कि किसानों की मुख्य मांग थी कि अनाज मंडियों में इलेक्ट्रॉनिक कांटे का प्रबंध किया जाए। सरकार की ओर से इस पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश के सभी जिलों में मंडी सचिवों को इलेक्ट्रॉनिक कांटे रखने के आदेश जारी किए गए है।
किसान को डाउनलोड करना होगा ई-खरीद एप
किसानों को मंडी में फसल बेचने जाने से पहले अपने मोबाइल में ई-खरीद एप डाउनलोड करना होगा। इसी एप के जरिये किसान अपने परिवार पहचानपत्र या आधार कार्ड नंबर के माध्यम से मंडी गेट पास डाउनलोड कर सकेगा। इससे पहले गेट पास किसानों को लाइनों में लगकर लेना पड़ता था। इस सुविधा से लाभ यह होगा कि मंडियों के मुख्य द्वार पर न तो भीड़ लगेगी और किसानों को पास के लिए भी परेशान नहीं होना पड़ेगा।