127....विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी में आयोजित बैठक में प्रतिभागी को प्रमाण पत्र देकर सम्मा
नीलोखेड़ी/ करनाल। विस्तार शिक्षा संस्थान नीलोखेड़ी में वीडियो उत्पादन तकनीक विषय पर चल रहे चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। इसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर राज्यों के कृषि विस्तार अधिकारियों ने भाग लिया है। इन अधिकारियों ने वीडियो उत्पादन के विभिन्न पहलुओं पर गहन जानकारी प्राप्त की। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
चितकारा यूनिवर्सिटी में जनसंचार विभाग के प्रोफेसर डॉ. पंकज गर्ग ने कहा कि आज के डिजिटल युग में, जब हर किसान के हाथ में स्मार्टफोन है, वीडियो किसानों तक जानकारी पहुंचाने का सबसे प्रभावी और गतिशील माध्यम बन गया है। यह केवल सूचना नहीं देता बल्कि खेत पर नई तकनीकों का सीधा प्रदर्शन करके, बीज बोने से लेकर फसल काटने तक की प्रक्रिया को दिखाकर और सरकारी योजनाओं को सरल एनिमेशन के माध्यम से समझाकर किसानों को सशक्त बनाता है। वीडियो के माध्यम से हम दूर-दराज के क्षेत्रों में भी अपनी पहुंच बना सकते हैं और किसानों को सही समय पर सही सलाह दे सकते हैं।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संजय कुमार बताया कि यह संस्थान वाइस-चांसलर प्रोफेसर बीआर कांबोज, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के नेतृत्व में उत्तर भारत के राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, वानिकी, महिला एवं बाल विकास इत्यादि विभागों के विस्तार अधिकारियों को प्रशिक्षण देने का काम कर रहा है। वित्तीय सहयोग देने के लिए विस्तार निदेशालय, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की सराहना की।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. अजय कुमार ने किया। इस दौरान डाॅ. सत्यकाम मलिक, डाॅ. जसविंद्र कौर एवं डाॅ. अनिल कुमार रोहिला सहित संस्थान के सभी कर्मचारी एवं प्रतिभागी मौजूद रहे। ब्यूरो