एडीजीपी डॉ. एम रवि किरण ने संभाला करनाल मंडल का कार्यभार
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हरियाणा पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. एम. रवि किरण ने वीरवार को करनाल मडंल का कार्यभार संभाल लिया है। डॉ. किरण 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़, पुलिस अधीक्षक अंबाला, पुलिस अधीक्षक रेलवे हरियाणा, पुलिस अधीक्षक पलवल, आईजीपी एसीबी हरियाणा, आईजीपी, एडीजीपी साउथ रेंज, एडीजीपी-जेल हरियाणा, एडीजीपी हिसार रेंज जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
एडीजीपी ने कहा कि करनाल मंडल में कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के साथ-साथ सुरक्षा व सौहार्द का वातावरण बनाया जाएगा। योजनाबद्ध व प्रभावी तरीके से करनाल मंडल में ड्रग की समस्या पर अंकुश लगाना तथा नशा तस्करों एवं अवैध हथियार तस्करों की धरपकड़ प्राथमिकता रहेगी। हरियाणा प्रदेश में चलाए जा रहे ड्रग फ्री अभियान को स्वास्थ्य व अन्य विभाग के साथ मिलकर अधिक कारगर एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाएगा। महिला विरुद्ध अपराधों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाएगा। साइबर क्राइम एवं संगठित हिंसक व जघन्य अपराधों पर अंकुश लगा अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। करनाल रेंज के जिला करनाल एवं पानीपत की यूपी राज्य तथा जिला कैथल की पंजाब राज्य के साथ सीमा लगती है।