- छतों पर रखी टंकियों में नहीं पहुंच पाया पानी, मोटर बदलने में विभाग को लग गए सात घंटे
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। देर रात आई अंधड़ के बाद अचानक बिजली आने से सेक्टर-12 जलघर नंबर तीन की मोटर फुंक गई जिससे संबंधित क्षेत्र की जलापूर्ति ठप हो गई। आनन-फानन विभाग ने दूसरे जलघरों से आपूर्ति दी तो उन पर भी लोड दोगुना हो गया। ऐसे में संबंधित क्षेत्रों में काफी कम पानी की आपूर्ति हुई। इससे लोगों को ताजा पानी तो मिल गया पर छतों पर रखी टंकियां सूखी रह गईं।
मोटर फुंकने से सेक्टर-12 में लघु सचिवालय स्थित सरकारी कार्यालयों, नगर निगम, एलआईसी कार्यालय, विभिन्न बैंकों व सेक्टर-12 के साथ लगती कॉलोनियों के निवासियों को परेशानी झेलनी पड़ी। दूसरी व तीसरी मंजिल की टंकियों में पानी नहीं पहुंच पाया।
इस दौरान सेक्टर-12 की आपूर्ति अन्य दो जलघरों नंबर एक व तीन से दी गई। इधर, विभाग को जलघर की मोटर बदलने में करीब सात घंटे तक का समय लग गया। ऐसे में दो दिन बाद वीरवार की शाम को लोगों के घरों में पेयजल व्यवस्था सुचारू हो पाई।
बुधवार रात को अंधड़ व बारिश के कारण सेक्टर-12 जलघर की मोटर में खराबी आग गई थी जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया उपमंडल अभियंता व कार्यकारी अभियंता के संज्ञान में लाकर मोटर को बदलवाया गया। हालांकि मोटर में खराबी होने के कारण जल आपूर्ति बाधित नहीं हुई दूसरे जलघरों से शहरवासियों को सुचारू रूप से जल की आपूर्ति की गई।
- रजनीश जेई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण