करनाल। वार्ड-15 के करीब पांच सौ घरों में दो महीने से पीने के पानी का संकट है। बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी के चलते लोगों की समस्या ज्यादा बढ़ गई है। बुधवार को भी जब लोगों के घरों में पानी नहीं आया तो उनका धैर्य टूट गया और उन्होंने शाम छह बजे जुंडला गेट के खेड़ा चौक पर बाल्टियां लेकर जाम लगा दिया। पुलिस, वार्ड पार्षद मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। उनका कहना था कि दो महीने से घरों तक नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। एक दिन कुछ देर जलापूर्ति के बाद चार-चार दिन पानी नहीं आता है, जिससे लोगों को दूसरी कॉलोनियों से पानी लाना पड़ता है।
वार्ड 15 के पार्षद युद्धवीर सैनी पिछले र्कई साल से पेयजल संकट के संदर्भ में हाउस की बैठकों में आवाज उठाते रहे हैं। पिछले साल पंचायत भवन में हुई हाउस की बैठक में तो यहां के लोग गंदा पानी लेकर बैठक में पहुंच गए थे। अधिकारियों को गंदा पानी दिखाया था। अफसरों ने आश्वस्त किया था कि जर्जर पाइप लाइनों को बदल दिया जाएगा, लेकिन अभी तक कार्य को शुरू ही नहीं किया गया है। अब फिर निगमायुक्त द्वारा ली गई बैठक में भी पार्षद ने मुद्दा उठाया। फिर आश्वासन मिला, लेकिन बुधवार शाम को वार्ड 15 के बाशिंदों का धैर्य जवाब दे गया और जाम लगा दिया। रात को नगर निगम के जेई संजीत वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने आश्वस्त किया कि बृहस्पतिवार की सुबह से ही जर्जर पाइप लाइनों को बदलने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। तब जाकर रात 10 बजे लोग शांत हुए और यातायात सामान्य हो सका।
मिला आश्वासन
वार्ड के करीब 500 घरों में पेयजल संकट है। पाइप लाइनें काफी जर्जर हैं, जो सीवरेज लाइनों से मिल चुकी हैं, जिससे कहीं गंदा पानी आ रहा है तो कुछ क्षेत्र में पेयजल की सप्लाई ठप हो गई है। कुछ क्षेत्र में आता है तो चार-चार, पांच-पांच दिन के बाद पीने का पानी पहुंच पाता है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा। अब जेई संजीत वर्मा ने वीरवार की सुबह से जर्जर पाइप लाइनों को बदलने का कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया है।
- युद्धवीर सैनी, पार्षद वार्ड-15
नगर निगम नहीं कर रहा इंतजाम
भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में पीने के पानी के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। यहां दो महीने से पीने के पानी का संकट है, लेकिन नगर निगम हाथ पर हाथ रखे बैठा है।
- शहनाज
कभी कभी आता है पानी
कभी कभार पानी आता है, आज यदि एक बार पानी आ गया तो तीन चार दिन आएगा ही नहीं, ये अव्यवस्था लंबे समय से है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद दूर नहीं हो रही है।
- संतोष देवी
सिर्फ मिलता है आश्वासन
मेरी उम्र अस्सी साल है, शरीर में इतनी ताकत नहीं रही कि इतनी दूर से पीने का पानी ला सकूं। पार्षद से ही शिकायत करता हूं, सिर्फ आश्वासन ही मिलता है, लेकिन समस्या दूर नहीं होती है।
- जगन्नाथ
कब होगा समस्या का समाधान
उम्र सत्तर साल हो गई है। अब दूर से पानी लेकर आने में परेशानी होती है। सुना है कि नए निगमायुक्त सबकी सुनते हैं, लेकिन इस क्षेत्र की समस्या का समाधान आखिर क्यों नहीं हो रहा है, ये समझ से परे है।
- छोटी