हरियाणा राज्य वित्त आयोग के सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष सुधा ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) व एफसीआई के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुरेंद्र पालड़ ने जूनियर भारतीय हाकी टीम की तरफ से दिल्ली में हुए जूनियर वर्ल्ड कप में शानदार खेल का प्रदर्शन कर कुरुक्षेत्र के साथ हरियाणा प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है।
इस अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी से सभी युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा लेनी चाहिए और मेहनत व लगन के साथ अपनी प्रतिभा में निखार लाना चाहिए। सरकार ने भी अच्छे खिलाड़ियों के लिए ढेर सारी योजनाएं लागू की है जिनका इन खिलाड़ियों को भी निश्चित फायदा मिलेगा।
वे गत देर शाम साई के हाकी कोच गुरविंद्र सिंह द्वारा हॉकी की मैदान द्रोणाचार्य स्टेडियम में आयोजित एक सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि हॉकी के क्षेत्र में पूरी दुनिया में कुरुक्षेत्र शहर के खिलाड़ियों का दबदबा है। यहां के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन के जरिए अपना वर्चस्व बनाया है। हाकी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुरेंद्र कुमार पालड़ ने जूनियर वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की तरफ से खेलते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया है, जिसकी जितनी तारिफ की जाए उतनी कम होगी।
इस अहम उपलब्धि पर कोच गुरविंद्र सिंह व अभिभावकों को बधाई देते हुए सुभाष सुधा ने कहा कि सभी खिलाड़ियों के एक मुकाम हासिल करने के लिए निरंतर अभ्यास करते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हर संभव सहायता और हर प्रकार का सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भी खिलाड़ियों के लिए नई खेल नीति लागू की है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह के प्रयासों से ही खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में विशेष कोटा और करोड़ों रुपये नगद राशि इनाम के रूप में रखी गई है।
सरकार की इन नीतियों से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिल रहा है। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी हरिकेश सहारण ने कहा कि विभाग की तरफ से खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही है।
खिलाड़ियों को भविष्य में भी अपने इस प्रर्दशन को बरकार रखना होगा। साई के सीनियर जुड़ो कोच टेक सिंह ने अपने विचार व्यक्त किए। हॉकी कोच गुरविंद्र सिंह ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि साई की तरफ से हॉकी खिलाड़ियों को नई तकनीकी से प्रशिक्षण देने का काम किया जा रहा है। साई के उपनिदेशक नरेश कुमार के मार्गदर्शन में सभी खिलाड़ियो को सभी सुविधाएं दी जा रही है।
सभी ने पुष्प भेंट कर हॉकी खिलाड़ी सुरेंद्र पालड़ का स्वागत किया। राज्य वित्त आयोग के सदस्य सुभाष सुधा ने हाकी खिलाड़ी सुरेंद्र पालड़ को ट्राफी भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर साई कोच टेक सिंह, गुरविंद्र सिंह, एसएस राणा, सतपाल सिंह, दिलबाग सिंह राठी, बलवंत कौर, रामकुमार चोपड़ा, यशवीर सिंह, मनोज कुमार आदि ने खिलाड़ी सुरेंद्र पालड़ को बधाई दी है।