माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। जीटी रोड पर बने फ्लाईओवर के नीचे का हिस्सा नए रूप में नजर आएगा। नगर निगम रामायण, महाभारत और अन्य पौराणिक कथाओं के प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से दर्शाएगा। शहर की सुंदरता बढ़ाने और स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए निगम ने ये योजना बनाई है।
फ्लाईओवर के नीचे बने सात प्रमुख अंडरपास की दीवारों और पिलरों पर आकर्षक चित्र बनाए जाएंगे। स्वच्छता और जागरूकता से जुड़े प्रेरणादायक स्लोगन भी लिखे जाएंगे। राहगीरों को संस्कृति और सफाई का संदेश एकसाथ मिलेगा। निगम अधिकारियों ने दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे-44 पर अनाज मंडी, नमस्ते चौक, ताऊ देवी लाल चौक, सेक्टर-6 व 14 चौक, निर्मल कुटिया, आईटीआई चौक और बलड़ी बाईपास चौक के अंडरपास को योजना में शामिल किया है। करीब 25 लाख रुपये की लागत से इनको सजाया जाएगा।
पहले हुई पेंटिंग पर लगे पोस्टर और बैनर बने थे धब्बा
फ्लाईओवर के नीचे और दीवारों पर पहले भी पेंटिंग कराई गई थी लेकिन वहां लोगों ने विज्ञापन के पोस्टर और राजनीतिक बैनर चिपका दिए। इससे दीवारें बदरंग हो गईं। शहर की सुंदरता पर दाग लगा। निगम अधिकारियों का कहना है कि अब विशेष निगरानी रखी जाएगा। चित्रों को खराब नहीं होने दिया जाएगा।
पौराणिक कथाओं और स्लोगनों से मिलेगा संदेश
इस बार बनाए जा रहे चित्रों के साथ संदेश भी लिखे जाएंगे। स्वच्छ शहर, सुंदर शहर, स्वच्छता में ही समृद्धि और गंदगी छोड़ो, स्वच्छता जोड़ो जैसे प्रेरक संदेश होंगे। निगम का मानना है कि इससे शहरवासी और ज्यादा जागरूक होंगे और शहर को साफ रखने में सहयोग देंगे।
इस प्रोजेक्ट से शहर की खूबसूरती बढ़ेगी। स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 में रैंकिंग सुधारने में मदद मिलेगी। निगम ने हाल ही में कई वार्डों में सफाई व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण में सुधार के लिए कदम उठाए हैं। अब फ्लाईओवर के नीचे किए जाने वाले यह प्रयास शहर को और अधिक आकर्षक बनाएंगे। शहरवासियों से भी अपील की जा रही है कि वे स्वच्छता के इस महाअभियान में अपना भरपूर योगदान दें। - डॉ. वैशाली शर्मा, आयुक्त नगर निगम।