करनाल। रेलवे स्टेशन पर अब यात्री ठंड व कोहरे के बीच प्रतीक्षालय में बैठकर ट्रेन का इंतजार करेंगे। रेलवे स्टेशन पर बंद पड़े प्रतीक्षालयों को खोल दिया गया है, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है। ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफार्म पर खुले में बैठकर ट्रेनों का इंतजार करने को मजबूर यात्रियों को अब सुरक्षित और गर्म स्थान मिल सका है।
अमर उजाला ने 17 जनवरी के अंक में रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर समाचार प्रकाशित किया था। इसका असर दिखाई देने लगा है। यह मुद्दा उठाया था कि रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षालयों पर ताले लटके हुए हैं, जबकि कोहरे के कारण ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। इस कारण बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान थे। खबर के प्रकाशन के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया और प्रतीक्षालयों को पुनः खोलने के निर्देश दिए गए।
अब स्टेशन पर प्रथम और द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं। यात्री ठंड से बचाव के साथ बैठने की सुविधा मिलने पर संतोष जताते नजर आए। यात्रियों का कहना है कि प्रतीक्षालय खुलने से खासकर रात और सुबह के समय यात्रा करना आसान हो गया है। हालांकि यात्रियों ने यह भी मांग उठाई कि प्रतीक्षालयों में अटेंडेंट की नियमित तैनाती, साफ-सफाई और हीटर जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि ठंड के मौसम में पूरी राहत मिल सके।