संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिले के वॉलीबॉल व शूटिंग के खिलाड़ियों को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बहुत जल्द 10 मीटर (करीब 32 फीट) के इंडोर कोर्ट की सौगात मिलेगी। यह इंडोर कोर्ट करनाल के गांव कंबोपुरा में बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी की ओर से टेंडर कर दिया गया है। कोर्ट को बनाने के लिए करीब 12 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत आएगी।
इंडोर कोर्ट का निर्माण अलगे साल सितंबर तक पूरा हो जाएगा। सेक्टर-32 में भी पिछले साल इंडोर कांप्लेक्स बन चुका है। जिले में कई निजी शूटिंग रेंज अकादमी हैं। खिलाडियों से हजारों रुपये फीस ली जाती है। वॉलीबॉल व शूटिंग रेज कोर्ट के बनने के बाद जिले के और बाहर के भी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए अभ्यास कर सकेंगे। अभी तक शूटिंग रेंज के लिए खिलाड़ियों को दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है, लेकिन अब खेल कोर्ट बनने के बाद खिलाड़ियों को कहीं बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इंडोर कोर्ट में शौचालय व खिलाड़ियों के बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिले में हैं तीन निशानेबाज
पिछले साल हुए पेरिस ओलंपिक में जिले के चार खिलाड़ी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इनमें से दो खिलाड़ी शूटिंग के थे। ये खिलाड़ी चंडीगढ़, दिल्ली, फरीदाबाद व विदेशों में प्रशिक्षण लेते हैं। खिलाड़ी राइजा ढिल्लो, अनीश बनवाला व रोहित कान्यान दिल्ली से शूटिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
खिलाड़ियों को मिलेगी सौगात
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक रामफल ने बताया कि जिले के खिलाड़ियों को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत स्विमिंग पुल के बाद तीन अन्य खेल कोर्ट मिलने जा रहे हैं। इनका काम करवाने के लिए टेंडर हो चुका है। एक साल में यह काम पूरा होगा। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना होगा।