रात को रुके डीसी, एसपी ने सुनीं समस्याएं, समाधान का दिया भरोसा
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कुंजपुरा ब्लाॅक के शेरगढ़ टापू गांव में मंगलवार को उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक का रात्रि ठहराव कार्यक्रम हुआ। जिसमें डीसी और एसपी रात को प्रशासनिक अमले के साथ गांव पहुंचे। यहां लोगों से बातचीत कर समस्याएं सुनीं और समाधान के आदेश दिए। ग्रामीणों ने डीसी से कहा कि यूपी से बॉर्डर लगने की वजह से पोर्टल पर फसल का पंजीकरण नहीं होता। उपायुक्त ने कहा कि यूपी की जमीन को अगर यहां का किसान काश्त करता है तो उसका पंजीकरण पटवारी के सत्यापन के बाद करवाया जाएगा।
गांव के तालाब का सुंदरीकरण पर डीसी ने कहा कि तालाब के आस पास बने अवैध कब्जे हटाएं वरना सख्त कार्रवाई होगी। ग्रामीणों ने परिवार पहचान पत्र की समस्या बताते हुए कहा कि पीपीपी अलग बनवाने में दिक्कत आती है। उपायुक्त ने कहा कि ऐसे मामलों के समाधान के लिए सरकार को लिखा जाएगा। यूपी से शेरगढ़ टापू से ग्रीड को जाने वाली सड़क पर जाम की स्थिति रहती है, इसके समाधान के लिए उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने लाल डोरे की जमीन के बारे बीडीपीओ को निर्देश दिए कि जिनके प्रॉपर्टी कार्ड बन गए हैं उनको वितरित किए जाए। उन्होंने बताया कि लाल डोरे की जमीन की रजिस्ट्री करवाने की जरूरत न पड़े। इस पर सरकार जल्द फैसला लेने वाली है।
श्मशान घाट की समस्या के निवारण के लिए उपायुक्त ने मौके पर हो बीडीपीओ को निर्देश दिए कि वे शिव धाम बनाने के लिए ग्राम पंचायत से प्रस्ताव भिजवाएं। गांव शेरगढ़ टापू से मोदीपुर जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य में अच्छी गुणवत्ता की सामग्री नहीं लगाए जाने की शिकायत पर उपायुक्त ने कहा कि इसकी जांच करवाई जाएगी। गांव की महिलाओं ने पानी की निकासी की समस्या उपायुक्त के समक्ष रखी। जिस पर उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तुरंत जाकर मौका मुआयना करें और समाधान करवाएं। उन्होंने लोगों से कहा कि वे ऐसे कार्यों पर निगरानी रखे अगर कोई गड़बड़ नजर आती है तो इसके लिए उपायुक्त कार्यालय में आकर शिकायत दे सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। भले ही वह प्रशासन का ही क्यों न हो। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे की बुरी लत से दूर रहकर खेलो की तरफ अपना रुझान बढ़ाएं। गांव स्तर पर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रशासन प्रयास करेगा। गांव वासियों ने शेरगढ़ टापू में लगे पुलिस नाके को पक्का करके, वहां पर पुलिस चौकी बनाने की मांग रखी। इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, जिला परिषद के सीईओ गौरव कुमार, डीडीपीओ संजय टांक, बीडीपीओ मोनिका, तहसीलदार कृष्ण सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद हैं।