लोग बोेले- असंध जिला बनने से नौकरियों के अवसर बढ़ेंगे, सड़कों का निर्माण व संसाधनों में होगी बढ़ोतरी
संवाद न्यूज एजेंसी
असंध/मुनक। जिला बनाने की मांग पिछले कई वर्षों से चल रही है जिसका आगाज लगभग 2008 को सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर किया था। हालांकि असंध के सभी विधायकों ने आवाज उठाई पर अब नगर की जनता को विधायक योगेंदर राणा व मुख्यमंत्री से काफी उम्मीदें हैं। लोगों का कहना है कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में असंध को जरूर जिला बनाएगी जिससे शहर की जनता को 40 किलोमीटर दूर धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। ग्रामीण बताते हैं कि चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दलों ने इस मांग का समर्थन किया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी असंध आए थे, उनके सामने भी गांवों के लोगों ने मांग रखी थी, उन्होंने सकारात्मक जवाब भी दिया था। अब तो वह तीसरी बार सीएम हैं, जिले के सभी विधायक भी भाजपा के ही हैं। असंध वालों ने अपना काम कर दिया है, अब सीएम को अपना काम करना चाहिए।
सरकार जल्द असंध को जिला घोषित करे
समाजसेवी सुनील अरड़ाना का कहना है कि असंध को जिला बनाने के लिए पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी ने भी काफी प्रयास किए थे लेकिन किन्ही कारणों से उनके प्रयास सफल नहीं हो सके। असंध जिला बनने के लिए काफी हद तक मानक पूरे करता है। सरकार को जल्द से जल्द असंध को जिला बनाए ताकि शहरवासियों को इसका फायदा मिल सके।
युवाओं को मिलेगा फायदा
समाज सेवी जतिन ने कहा कि असंध को जिला बनाया जाता है तो निश्चित ही शहर का विकास ही नहीं होगा बल्कि रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। जैसे इंडस्ट्री से नौकरियों के अवसर बढ़ेंगे। सड़कों का निर्माण के अलावा संसाधनों में बढ़ोतरी होने से शहर दुकानदारों के आय के साधन बढ़ेंगे। लोगों का आनाजाना अधिक होगा, जिससे शहर खुश हाल होगा।
जिला बने तो विकास स्वत: हो जाएगा
नरेश पोपड़ा ने कहा कि असंध जिला बनना चाहिए क्योंकि हलके का गांव पोपड़ा जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर पड़ता मुख्यालय के कामों के लिए जिला जाने में समय की बर्बादी होती है, खर्च भी अधिक होता है। जिला बनने से खर्च के साथ साथ समय भी बचेगा। जब क्षेत्र में बड़े अधिकारी बैठेंगे, कार्यालय बनेंगे, तो स्वत: ही विकास होता चला जाएगा।
असंध के जिला बनने पर सभी को मिलेगी सुविधा
पूर्व जेसी प्रधान राजेश गुप्ता का कहना है कि असंध को जिला बनाने की मांग को लेकर वर्ष 2008 में जेसीआई ने हस्ताक्षर अभियान चलाया और सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर करवा कर एसडीएम को मुख्यमंत्री ज्ञापन दिया गया था। असंध से करनाल 45 किलोमीटर पड़ता है और खासकर मुख्यालय संबंधी कार्यो के लिए। जिला बनने से सभी कार्य असंध में ही होने लगेंगे और आमजन को सुविधा मिलेगी।
विधायक लगातार उठा रहे मांग
असंध के मनोनीत पार्षद सतीश वर्मा ने कहा कि हमें भरोसा है कि विधायक योगेंद्र राणा के प्रयासों से जल्द ही असंध जिला बनेगा, क्योंकि विधानसभा में असंध को जिला बनाने की मांग उठा रहे हैं। जिला बनने से शहर में विकास होगा और रोजगार अवसर बढ़ेंगे। चुनाव के दौरान उन्होंने जिला बनाए जाने को लेकर लगातार मांग उठाई थी।
जिला बनने से क्षेत्र का व्यापार बढ़ेगा
कांग्रेस नेता अनिल जयभारत ने कहा कि सरकार पिछले कई वर्षों से असंध को जिला बनाने की मांग पर केवल जनता को लॉलीपॉप देती आ रही है। अब सरकार को बिना देरी किए असंध को जिला घोषित करना चाहिए ताकि यहां की जनता को मुख्यालय से जुड़े कार्यों के लिए 70 किलोमीटर दूर न जाना पड़े। असंध के जिला बनने से लोगों का समय और टोल दोनों की बचत होगी। क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।