घरौंडा। ‘मेरा किया वादा, कदे न रहेगा अधूरा, मैं सदा करूंगा जनता की सेवा...’। ‘गांव हो गया खराब, जहां होना चाहिए था प्यार, वहां बट रही शराब...’। इस प्रकार के गानों के साथ लोगों से मतदान की अपील की जा रही। कई प्रत्याशी प्रचार के दौरान गीतों के माध्यम से जहां मुद्दों को उठा रहे हैं, वहीं सामाजिक बुराईयों पर कटाक्ष कर रहे हैं।
पंचायती राज चुनाव को लेकर सोशल मीडिया के साथ-साथ अब प्रत्याशी डीजे बजाते हुए भी चुनाव प्रचार में तेजी ला रहे हैं। सरपंच से लेकर जिला परिषद के प्रत्याशी डीजे की गाड़ी पर अपना बैनर लगाकर प्रचार में जुटा है। जिला परिषद व ब्लॉक समिति के मतदान को महज दो दिन शेष हैं। ऐसे में प्रत्याशी प्रचार को तेज करते हुए कई तरीके अपना रहे हैं। प्रत्याशियों ने डोर टू डोर जाकर वोट मांगने का अभियान छेड़ दिया है। इतना नहीं महिलाओं ने भी चूल्हा-चौका छोड़कर चुनाव में प्रचार की कमान संभाली है। साथ ही प्रत्याशी गांवों में गाड़ियों के काफी लंबे काफिले निकालकर अपना शक्ति प्रदर्शन भी कर रहे हैं। संवाद
एक दूसरे के लिए मांग रहे वोट
घरौंडा खंड में चार वार्ड जिला परिषद और 30 वार्ड ब्लॉक समिति के हैं। गांव में पूरी तरह से चुनावी माहौल बना हुआ है। गांव की गली व चौराहे पोस्टरों से अटे हैं। कही पर पति अपनी पत्नी की चौधर के लिए वोट मांग रहे तो कही पत्नी पति के लिए वोट मांग रही। महिला भी चुनाव प्रचार में जुटी हैं। वोट मांगने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाएं जा रहे हैं। प्रत्याशी सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रकार की गानों से चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं।
महिलाएं बोली, जनता को बता रहे अपना एजेंडा
चुनाव प्रचार में जुटी महिलाओं का कहना है कि वे अपने पति की चौधर के लिए मतदाताओं से वोट की अपील कर रही हैं। उन्होंने बताया कि आजकल चौधर की ही जरूरत है। वहीं जिला परिषद के लिए वार्ड नंबर 18 व 20 महिला के लिए आरक्षित है। महिला के चौधर के लिए उनके पति लोगों से वोट के लिए अपील कर रहे हैं।