संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे विजय कुमार का उनके ददलाना गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों, ब्लॉक समिति अध्यक्ष दीपक राणा, सरपंच चरणजीत सिंह राणा की ओर से फूल मालाओं से स्वागत किया गया। गांव के बेटे ने कोलकाता में आयोजित ओपन प्रतियोगिता में यह मुकाम पाया है।
जैसे ही विजय गांव में पहुंचा तो उन्हें बधाई देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई विजय से मिलने को आतुर दिखा। दीपक राणा ने कहा कि एक छोटे से गांव के बच्चे ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता शहर में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर गांव के साथ-साथ क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने गांव के बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया। विजय ने कहा कि खेल से हमारा तन और मन भी स्वस्थ रहता है। उन्होंने बताया कि उनकी कामयाबी के पीछे परिवार के साथ-साथ हमारे कोच का बड़ा योगदान रहा।
विजय के पिता लोकेश राणा ने बताया कि उनकी बचपन से ही पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में रुचि रही है। राष्ट्रीय स्पर्धा में यह पदक जीतकर विजय ने साबित कर दिया है कि किसी भी क्षेत्र में की गई मेहनत खराब नहीं जाती। कोच अंकित ने बताया कि ओपन नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता 27 से 29 दिसंबर तक कोलकाता में आयोजित हुई।
इस प्रतियोगिता में हरियाणा के 13 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें से 12 खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम का सर्वश्रेष्ठ रहा। हरियाणा टीम को इस प्रतियोगिता में अनुशासन टीम ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया।