नगर निगम का निरीक्षण करने के बाद मंत्री अनिल विज ने पार्षदों के साथ बैठकर चर्चा की। पार्षदों ने अपनी अपनी समस्या से मंत्री को अवगत करवाया। कई कामों को पूरा करने और कई कामों पर जल्द ही कार्रवाई के लिए अपने साथ नोट करके ले गए।
वार्ड 15 के पार्षद युद्घवीर सिंह ने बताया कि ठेकेदार उचित तरीके से काम नहीं करते। अधिकारी उनकी सिक्योरिटी भी वापस कर देते हैं। परेशानी शहर के लोगों को होती है और सुनने पार्षदों को पड़ती है। पार्षद ने अपना सुझाव रखते हुए बताया कि सिक्योरिटी देने से पहले पार्षदों के हस्ताक्षर करवाए जाएं, ताकि ठेकेदार काम सही करें। जवाब में मंत्री ने कहा कि ये सही रहेगा। जल्द ही इसका पत्र जारी कर दिया जाएगा। पत्र में किसी भी ठेकेदार की सिक्योरिटी राशि एमसी के हस्ताक्षर के बिना वापस नहीं होगी। इसके बाद अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई का प्रावधान करवाया जाएगा।
हुडा वाले नहीं करवाते काम, निगम के अधीन हो
वार्र्ड आठ की पार्षद मेघा भंडारी ने कहा कि हुडा के कई सेक्टर उनकी वार्ड में आते हैं। जहां पर निगम काम नहीं करवा सकता और हुडा वाले करवाते नहीं। वहां रहने वाले लोगों का समाधान करने के लिए हुडा क्षेत्र के इन स्थानों को निगम के अधीन किया जाना चाहिए। इनमें अधिकतर ग्रीन बेल्ट व रिहायशी हुडा सेक्टर शामिल हैं।
पर्ची के लिए सेक्टर-12 की दौड़ हो खत्म
पार्षदों ने बताया कि जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों के लिए शहर के लोगाें को काफी परेशान हो रही है। उन्हें फाइल निगम से तैयार करवानी पड़ती है और रसीद सेक्टर 12 में कटवानी पड़ती है। इसके बाद फिर से निगम में जमा करवाई जाती है। इससे पहले निगम में ही पूरा काम होता है। आगे से भी ऐसा ही किया जाए। जवाब में मंत्री ने अपने पीए से पूरा मामला नोट करवाया।
पब्लिक हेल्थ वाले फोन तक नहीं उठाते
पार्षद ईश गुलाटी ने बताया कि कुछ समय पहले पब्लिक हेल्थ को निगम के अधीन किया था। शहर में 10-10 फीट तक सीवर बना हुआ है। इसे कर्मचारी साफ नहीं करते। जब किसी भी काम के लिए फोन करते हैं तो फोन तक नहीं उठाते। इस विभाग को पहले की तरह ही किया जाए, ताकि निगम अपने स्तर पर सफाई की व्यवस्था कर सके।
अनअप्रूव कालोनी को करवाओ अप्रूव
पार्षद रजनी परोचा ने बताया कि उसके क्षेत्र में काफी कालोनियों अनअप्रूव है। जहां पर 80 से 90 फीसदी क्षेत्र में आबादी रहती है। ऐसी कालोनियों को अप्रूव किया जाना चाहिए। जवाब में मंत्री बोले - ऐसा मेरे सामने कोई मामला नहीं आया है।
हल्की सी बारिश में चलना हो जाता है मुश्किल
वार्ड एक पार्षद नवीन ने कहा कि एक बार उसके वार्ड का दौरा भी करो। वहां पर कोई काम नहीं हो रहा है। वसंत विहार ऐसा एरिया है, जहां हलकी बूंदाबांदी के बाद पैदल और वाहन के साथ चलना मुश्किल होता है। कोई काम नहीं हो पा रहे। अधिकारी सहयोग नहीं करते और ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। जनता व पार्षद परेशान है। सुनने वाला कोई नहीं है।
कुर्सी को लेकर मेयर-मंत्री....आप बैठो
दौरे के बाद जैसे ही मेयर के कार्यालय में पहुंचे तो साथ वाली कुर्सी पर बैठने लगे। ऐसा देखते हुए मेयर ने उन्हें अपनी कुर्सी पर बैठने को कहा। मंत्री ने दूसरे कुर्सी पर बैठते हुए मेयर को ही वहां बैठने के लिए बोला। मेयर ने दोबारा से कुर्सी की तरफ इशारा किया और बोला- आप बैठो। जवाब में मंत्री बोले- नहीं आप बैठो। बाद में मेयर रेणूबाला गुप्ता अपनी कुर्सी पर बैठी।