कोरोना संक्रमण भले ही जिले में शून्य स्तर पर है लेकिन सतर्कता बरकरार है। नागरिक अस्पताल में अब भी नियमित रूप से कोविड जांच की जा रही है। औसतन हर सप्ताह करीब पांच लोग स्वेच्छा से या चिकित्सकीय सलाह पर कोविड टेस्ट करा रहे हैं। राहत की बात यह है कि पिछले तीन माह में जिले में एक भी कोविड पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है।
नागरिक अस्पताल में आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन, दोनों तरह की जांच की सुविधा है। सर्दी-जुकाम, बुखार या सांस से जुड़ी शिकायतों के साथ आने वाले मरीजों को एहतियातन कोविड जांच की सलाह दी जा रही है। यात्रा से लौटे कुछ लोग भी स्वयं जांच करा रहे हैं।
हर माह मिल रहीं जांच किट
जिला नागरिक अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. दीपक गोयल के अनुसार, नागरिक अस्पताल में हर माह करीब 30-30 कोविड जांच किट उपलब्ध कराई जा रही हैं। आरटी-पीसीआर और रैपिड टेस्ट दोनों की किट शामिल हैं। जरूरत के अनुसार इनका उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बतायसा कि ओपीडी में आने वाले संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों पर खास नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर तुरंत सैंपल लेकर जांच की जाती है।