घरौंडा से काग्रेंसा प्रत्याशी विरेंद्र सिंह राठौर
- फोटो : संवाद
अब घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी वीरेंद्र राठौर की नौकरियों को लेकर वीडियो वायरल हुई है। जिसमें वे कुनबों के हिसाब से नौकरी लगवाने की बात कह रहे हैं। वायरल वीडियो में उन्होंने निवर्तमान विधायक एवं भाजपा उम्मीदवार हरविंद्र कल्याण को भी चुनौती दी।
वीडियो के अनुसार, जनसभा में राठौर कह रहे हैं कि मैं कुनबों के हिसाब से नौकरियां लगवाऊंगा, मुझे पता है कि यह हिमालय चढ़ने जितना कठिन है, लेकिन मैं हिमालय चढ़ने का साहस रखता हूं। हरविंद्र कल्याण को चेतावनी देते हुए कहा कि अक्टूबर में जब सरकार बनेगी तो हैफेड विभाग की सभी फाइलें खोली जाएंगी। सभी मामलों की कान मरोड़कर जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि कमिश्नर को कहिए कि वे डेपुटेशन पर आए हैं और अब दिल्ली जाने की तैयारी करें। सत्ता में आने के बाद सरकार किसी को नहीं छोड़ेगी। कमिश्नर मंडी में जाकर किसी का खाता खुलवा देते हैं, मैंने मंडी के आढ़तियों से कहा है कि अगर अगले पांच साल में मंडी की किसी भी पलेटी पर कोई इंस्पेक्टर आया तो मेरा नाम वीरेंद्र सिंह नहीं। हमारे व्यापारी भाई अगले पांच साल में खुलकर अपने व्यापार को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। कांग्रेस के राज में अगर किसी व्यापारी भाई के साथ कोई अन्याय या परेशानी हुई तो मैं व्यापारियों के साथ खड़ा रहूंगा।
विदित हो कि इससे पहले करनाल जिले की असंध सीट से कांग्रेस प्रत्याशी शमशेर सिंह गोगी की भी नौकरियों को लेकर वीडियो वायरल हुई थी। जिसमें गोगी कह रहे थे कि सरकार बनेगी तो पहले अपने घर भरेंगे। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि अपने घर से मतलब असंध क्षेत्र से था।