करनाल। सर्दियों की शुरुआत होते ही बाजार में गर्म कपड़ों की खरीदारी शुरू हो चुकी है। शादियों के सीजन ने बाजार में और रौनक बढ़ाई है। महिलाएं फैशन के साथ सर्दी से बचाव का ध्यान रखते हुए खरीदारी कर रही हैं। वेलवेट सूट इस बार भी ट्रेंड में हैं। इसके साथ ही कोड सेट की मांग भी बढ़ी है।
शादी-समारोह के लिए वेलवेट के सूट की कई डिजाइन बाजार में हैं। रोजाना पहनने के लिए भी कई प्रकार हैं। ब्लेजर, ऊनी शर्ट, हुड्डी, कार्डिगन, कराची सूट और वूलन कुर्ती का विकल्प भी मौजूद है लेकिन वेलवेट सूट के साथ यू कट स्वेटर, कोड सेट अधिक खरीदे जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में वेलवेट सूट की बिक्री लगभग दोगुनी हो गई है। बाजार में लाइट वर्क, हैवी पार्टी वियर, कटवर्क, स्टोन वर्क, बॉर्डर डिजाइन और जरी-कढ़ाई के ढेरों कलेक्शन उपलब्ध हैं।
दुकानदार महेंद्र ने बताया कि महिलाओं के ब्लेजर की कीमत 1200 से शुरू है। कोड सेट 600 से 3000 तक, ऊनी शर्ट 400 और कार्डिगन 300 रुपये तक उपलब्ध हैं। सिंपल वेलवेट सूट 600 से 1500, लाइट वर्क वाले सूट 1500 से 3000 और हैवी वर्क पार्टी वियर वेलवेट सूट 3000 से 8000 रुपये तक मिल रहे हैं।
कराची सूट कर रहा ट्रेंड
दुकानदार रोमी ने बताया कि हर साल बाजार में नए डिजाइन ट्रेंड करते हैं। इस बार महिलाओं के लिए वेलवेट सूट के साथ-साथ कराची सूट भी ट्रेंड कर रहा है। खुली बाजू वाले स्टाइल को अधिक पसंद किया जा रहा है। महरून, काला, आसमानी, नीला और हल्का व गहरा हरा रंग सबसे अधिक खरीदा जा रहा है। रात के समय ये रंग बेहतर दिखते हैं।
-सभी की पसंद के अनुसार सूट
फुल हेवी एंब्रॉयडरी पार्टी वियर सूट
लाइट वर्क और सिंपल बॉर्डर डिजाइन
जरी-कढ़ाई से सजा ट्रेडिशनल वर्क
कटवर्क और स्टोन वर्क वाले सूट
लॉन्ग-कट पैटर्न और फ्लेयर डिजाइन
अनारकली और फ्रंट-स्लिट वेलवेट सूट
नेट, शिफॉन व जॉर्जेट दुपट्टे की मैचिंग