देश में निर्मित पहली हाई स्पीड बिना इंजन की ट्रेन वंदे भारत का सोमवार को दिल्ली से कटरा के बीच ट्रायल होगा। ट्रेन दिल्ली से सुबह 6 बजे रवाना होगी और दोपहर 2 बजे कटरा पहुंच जाएगी। ट्रेन का ठहराव अंबाला, लुधियाना और जम्मू रेलवे स्टेशन पर दो-दो मिनट के लिए होगा। इस ट्रेन की खासियत ये है कि मात्र आठ घंटे में दिल्ली से कटड़ा की दूरी तय करेगी। जबकि इससे पहले अन्य सुपरफास्ट ट्रेनों से सफर पूरा करने में 12 से 13 घंटे लगा करते थे। रेल यात्री इस ट्रेन का काफी समय से इंतजार कर रहे थे। वहीं, करनाल के लोगों को इस ट्रेन से माता वैष्णो देवी के दर्शन को जाने के लिए अंबाला से बैठना होगा। यह ट्रेन सुबह पौने सात करनाल रेलवे स्टेशन से निकल जाएगी। ट्रायल सफल होने के बाद इस ट्रेन को यात्रियों के लिए चलाया जाएगा।
दिल्ली से कटरा का शेड्यूल
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आदेश के मुताबिक 22 जुलाई को वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली रेलवे स्टेशन से सुबह 6 बजे रवाना होगी और 8.10 बजे अंबाला रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। यहां 2 मिनट रुकने के बाद लुधियाना में ये ट्रेन 9.19 बजे पहुंचेंगी। दोपहर 12.38 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पर पहुंच जाएगी। उसके बाद दोपहर 2 बजे कटरा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
ट्रेन इसी दिन दोपहर तीन बजे कटरा से दिल्ली के लिए रवाना होगी। शाम 4.13 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद शाम 7.32 बजे ट्रेन लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। लुधियाना से अगले दिन यानी कि मंगलवार सुबह 11 बजे चलेगी और दोपहर 2.26 बजे दिल्ली पहुंचेगी।