कुरुक्षेत्र में वाल्मीकि समाज के लोगों ने आरक्षण बहाली को लेकर एक बार फिर से हुंकार भरी है।
आरक्षण बहाली के लिए प्रदेशभर से आए वाल्मीकि समाज के अग्रणी लोगों ने छोटे रेलवे स्टेशन के नजदीक वाल्मीकि आश्रम में सतपाल की अध्यक्षता में एक बैठक में आगामी रणनीति के लिए रूपरेखा तैयार की।
वाल्मीकि समाज के लोग सरकार द्वारा एससी ए व बी श्रेणी को समाप्त किए जाने के विरोध में जमकर कांग्रेस पर बरसे। समाज के लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा काफी समय पहले एससी ए व बी को समाप्त कर दिया था।
इस प्रकार से एससीबी श्रेणी के लोग अब उनके आरक्षण का हक ले रहे हैं। इससे वाल्मीकि समाज के साथ सरकार द्वारा अन्याय किया जा रहा है। समाज के नेता रणबीर ढाढरथ ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा वाल्मीकि समाज के साथ धोखा किया है। वोट के बदले समाज के लोगों को केवल उपेक्षा ही मिली है।
इतना ही नहीं कांग्रेस ने उनका आरक्षण का अधिकार भी सीमित कर दिया है। एक वर्ग विशेष को ही आरक्षण का लाभ दिया जा रहा है, जिसे वाल्मीकि समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार यदि पहले की तरह एससी ए व बी आरक्षण लागू नहीं करती तो आगामी चुनाव में वाल्मीकि समाज कांग्रेस का बहिष्कार करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि जींद जिला में आरक्षण बहाली को लेकर पिछले काफी समय से समाज के लोग अनशन पर बैठे हुए हैं लेकिन सरकार के कानों तक जूं तक नहीं रेंगी।
अब इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में फैलाने के लिए और समाज के लोगों को जागरूक कर आरक्षण बहाली आंदोलन के साथ जोड़ने के लिए बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
जींद की तरह ही अन्य जिलों में भी आरक्षण बहाली के लिए आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने यदि फिर भी वाल्मीकि समाज को उसका हक नहीं दिया तो समाज के लोग अपना हक लेने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। बैठक में सुभाष भौसला, अमित, रमेश, कृष्ण, विजय, डॉ. विक्रम, बंटी, जोगिंद्र, शमेशर, दीपक, लाल चंद, रामप्रकाश, शिव कुमार, सुभाष बेदी, डॉ. ईश्वर सिंह, कश्मीरी लाल, हरि सिंह आदि मौजूद थे।