जूता व्यापारी के बेटे केतन के अपहरण के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के
हाथ खाली रहे। व्यापारी के पुत्र को खोजने के लिए पुलिस विशेष जांच टीमों
के साथ पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश के कई जिलों में दबिश दे रही है।
डीएसपी
हेडक्वार्टर जोगिंद्र राठी के नेतृत्व में पुलिस ने भारी संख्या में
उत्तरप्रदेश में अपना डेरा डाला है। एसपी स्वयं पल-पल की नजर रखे हुए हैं। दो
दिन पहले शहर के मॉडल टाउन के कोठी संख्या डी-6 से शू पैलेस के मालिक महेश
सरदाना का पुत्र केतन सरदाना घर के बाहर से ही लापता हो गया था।
बताया जा
रहा है कि केतन शोरूम पर जाने के लिए कार की चाबी लेकर घर से बाहर ही निकला
था। कार घर के बाहर ही खड़ी मिली। कार का कोई लॉक भी नहीं खुला मिला।
परिवार के लोगों का मानना है कि कार की चाबी भी केतन के पास ही है। केतन
शोरूम पर भी नहीं पहुंचा था। इसके बाद से परिवार के लोगों को आशंका हो गई
थी। उसके मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया था तो परिवार के लोगों के हाथ
पांव फूल गए थे। पुलिस को मामले की सूचना दी गई थी। पुलिस ने एक दिन मामले
को हल्के से लिया था। केतन के मोबाइल की अंतिम लोकेशन करनाल के शुगर मिल के
पास की मिली और बाद में मोबाइल बंद होने पर पुलिस के हाथ पांव भी फूल गए
थे।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस इस मामले में पूरी तरह
अलर्ट हो गई। केतन के फोन पर उत्तरप्रदेश की लोकेशन में बात हुई तो छह
करोड़ की फिरौती लेकर छोड़ने की बात की गई।
केतन के परिवार के लोग बेहद
परेशान हैं। उधर डीएसपी मुख्यालय जोगिंद्र राठी के मार्गदर्शन में छह
एसआईटी की टीमें उत्तरप्रदेश में डेरा जमाए है। पूरा दिन परिवार के लोगों
से मिलने के लिए राजनीतिक पार्टियों के नेता और शहर के मौजिज लोगों का केतन
के घर पर तांता लगा रहा। रविवार को अश्विनी चोपड़ा के निकट संबंधी, इनेलो,
कांग्रेस व अन्य पार्टियों के लोग सरदाना आवास पर पहुंचे।
एसपी अभिषेक
गर्ग ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर नजर गढ़ाए है। दो दिन से करनाल पुलिस
उत्तरप्रदेश में है। पूरी सावधानी और तत्परता से काम किया जा रहा है।