केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा की नाराजगी पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति की महिला नेता का अपमान किया है, जिससे सिर्फ कुमारी शैलजा ही नहीं, बल्कि पूरा अनुसूचित जाति समाज आहत है। इसका खामियाजा कांग्रेस को आगामी चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
मनोहर लाल ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए स्मार्ट सिटी परियोजना में भ्रष्टाचार के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि करनाल में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 1000 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए जा चुके हैं, और कुछ परियोजनाएं अभी भी प्रगति पर हैं, जो आचार संहिता के बाद पूरी की जाएंगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "कांग्रेस केवल आरोप लगाती है, लेकिन खुद कुछ नहीं करती।"
जब उनसे अनिल विज द्वारा मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पेश किए जाने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "यह अच्छी बात है। सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों के लोग दावेदारी पेश कर सकते हैं। जब हम करनाल से चुनाव लड़ने आए थे, तो हमें भी नहीं पता था कि मुख्यमंत्री बनेंगे।"
इसके साथ ही, केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हरियाणा में प्रधानमंत्री की तीन और रैलियां आयोजित की जाएंगी, और कई बड़े नेताओं के लगातार कार्यक्रम होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।