गांव सेगा से लापता हुई चार वर्षीय मोनिका का वीरवार सुबह गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। भारी संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से मोनिका को विदाई दी। वहीं बेटी के अंतिम संस्कार में उसके पिता सतीश कुमार बेहोश हो गए। उन्हें बाद में अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
मालूम हो कि चार साल की मासूम मोनिका दो जनवरी को घर के पास से ही लापता हो गई थी। कई दिन तक तलाश किए जाने के बाद बुधवार सुबह उसका शव गांव के तालाब में मिला था जहां से उसे कैथल और कैथल से पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया।
वीरवार सुबह गांव में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मोनिका के चाचा कुलदीप ने बताया कि मोनिका की मौत से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। उसके पिता बेहोश हो गए जिस कारण उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिल पाई है। एसएचओ रोहताश ने बताया कि मोनिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिल पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलते ही अगली कार्रवाई की जाएगी।