द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को तीन मैच खेले गए। हिमाचल पुलिस और हरियाणा पुलिस के बीच खेला गया तीसरा मुकाबले के दौरान दर्शकों ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के हरफनमौला उमेश सन्नी की हर सफलता का जश्न मनाया। उमेश ने चार विकेट और 23 रन के अपने प्रदर्शन से टीम के लिए मैच ही नहीं दर्शकों का दिल भी जीत लिया।
हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम ने 12 रन से मैच को अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए। हरियाणा पुलिस की टीम 19.4 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट हो गई। हिमाचल प्रदेश पुलिस टीम के हरफनमौला उमेश सन्नी ने गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। उनके हर विकेट पर दर्शक दीर्घा तालियों से गूंज उठती। उन्होंने बल्लेबाजी के दौरान 29 गेंदों पर 23 रन की पारी खेली। इस प्रदर्शन के चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता में पहला मैच बीएसएफ और आरपीएफ के बीच हुआ। आरपीएफ की टीम ने सात विकेट रहते मैच अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बीएसएफ की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए। आरपीएफ की टीम ने 17.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर मैच अपने नाम कर किया। आरपीएफ टीम के बल्लेबाज अनंत वैभव ने 25 गेंदों पर 41 रनों की पारी खेली। उनको मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पंजाब पुलिस ने 70 रनों से जीता मैच
दूसरा मुकाबला पंजाब पुलिस और चंडीगढ़ पुलिस के बीच खेला गया। पंजाब पुलिस ने 70 रनों से मैच जीत लिया। पहले बल्लेबाजी करती हुए पंजाब पुलिस की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। चंडीगढ़ पुलिस की टीम 19 ओवर में 117 पर ऑलआउट हो गई। पंजाब पुलिस टीम के गेंदबाज कमल ने चार ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट और मैन ऑफ द मैच अपने नाम किया। इस मौके पर सचिव हरियाणा पुलिस खेलकूद आदेशक विनोद कुमार, उप पुलिस अधीक्षक जसवंत सिंह ने टीमों की हौसला अफजाई की।