करनाल। हर्ष-बीरबल मुठभेड़ प्रकरण में रोड़ समाज ने न्यायिक जांच की मांग फिर उठाई है। समाज की ओर से सरकार को एक सप्ताह का अंतिम अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन न्यायिक जांच के आदेश नहीं हुए। ऐसे में रविवार को समाज की फिर बैठक बुलाई गई है। रोड़ भवन में सुबह 11 बजे बैठक होगी।
अखिल भारतीय रोड़ महासभा के अध्यक्ष बलकार सिंह और प्रवक्ता जितेंद्र चौपड़ा ने बताया कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई है। अब कार्यकारिणी की बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। समाज की तीन प्रमुख मांगों में से विधायक की सार्वजनिक माफी की मांग पूरी हो चुकी है। एनकाउंटर में शामिल आईजी और एसपी का तबादला भी हो चुका है। एनकाउंटर में शामिल अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई और पूरे मामले की जांच सिटिंग जज या सीबीआई से कराने की मांग अभी लंबित है।
प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि जांच सीबीआई या सिटिंग जज से कराने की मांग के लिए वे राज्यपाल और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंप चुके हैं। पांच सितंबर को समाज की बैठक में सर्वसम्मति से बाकी मांगों पर कार्रवाई के लिए सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया था।