- नीलोखेड़ी के पास हाईवे पर 11 दिसंबर को हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नीलोखेड़ी के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से दो युवकों की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कुरुक्षेत्र के सेक्टर-सात निवासी मन्नुपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जागरण में गायक का काम करता है। पीड़ित ने बताया कि उसका साला उत्तर-प्रदेश के कानपुर निवासी प्रियांशु (18) भी जागरण में गायक का काम करता है और कुरुक्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। 11 दिसंबर को प्रियांशु को जागरण करने के लिए आना था। प्रियांशु बाइक से कुरुक्षेत्र निवासी मनीष और गौतम के साथ करनाल की तरफ आ रहा था। जैसे ही नीलोखेड़ी हीलमैन ढाबे के पास पहुंचा अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने तीनों युवकों को गंभीर हालत में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां मनीष और गौतम की हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने निजी अस्पताल में दाखिल कराया था मगर उपचार के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक मजदूरी करते थे। प्रियांशु की हालत गंभीर बनी हुई है।