करनाल। शहर के राजकीय कॉलेज में छात्र संघ चुनाव की अफवाह के बाद छात्रों के दो गुट आमने-सामने हो गए। मामले की सूचना के बाद जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची एक युवक ने कॉलेज के बाहर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जैसे ही उसे पकड़ने का प्रयास किया वह पिस्तौल लहराते हुए अपने साथियों के साथ भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर करीब 20 छात्रों को हिरासत में लिया है, जिसमें बाहरी युवक भी शामिल हैं। छात्रों के दोनों गुटों ने कॉलेज के अंदर झाड़ियों में धारदार हथियार और लाठी-डंडे भी छिपाए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। सुरक्षा के मददेनजर कॉलेज के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पंडित चिरंजी लाल शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज का है। बताया जाता है कि नया शैक्षिक सत्र की शुरूआत के चलते कॉलेज में छात्र संघ चुनाव होने की अफवाह फैला दी गई और छात्र संघ चुनाव में प्रधान पद को लेकर छात्रों के दो गुटों में विवाद हो गया। छात्रों के दोनों गुट बाहरी युवकों के साथ कॉलेज पहुंच गए और एक-दूसरे पर हमला करने के लिए कॉलेज के अंदर झाड़ियों के बीच धारदार हथियार और लाठी-डंडे छिपा दिए। इसके बाद छात्रों के दोनों गुट कॉलेज के बाहर आमने-सामने हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को खदेड़ना शुरू किया तो एक गुट के युवक ने फायरिंग कर दी फिर बाइक और कार में सवार युवक पिस्तौल लहराते हुए भाग निकले। बताया जा रहा है कि कॉलेज के बाहर करीब 50-60 युवक खड़े थे।
सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू
आसपास के दुकानदारों के मुताबिक कॉलेज के बाहर करीब 50 से 60 युवक खड़े थे, जिनमें बहस हो रही थी। तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही एक युवक ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। शुक्र है कि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस कॉलेज के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि आरोपियों को पकड़ा जा सके। कॉलेज के अंदर आसानी से धारदार हथियार पहुंचा दिए गए। गेट पर युवकों की चेकिंग तक नहीं की गई। जबकि गेट पर सिक्योरिटी गार्ड मौजूद रहते हैं।
वर्जन
पुलिस ने इस मामले में कुछ छात्रों को गिरफ्तार किया है। वहीं, जो छात्र बेकसूर हैं उन्हें छोड़ दिया गया है। जिन छात्रों ने कॉलेज में मौहाल बिगाड़ने का प्रयास किया और हवाई फायरिंग की है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
- डीएसपी मुकेश कुमार
कॉलेज में छात्रों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो काॅलेज के अंदर से धारदार हथियार और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड़ एकत्रित थी। कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है।
- ललित कुमार, एसएचओ सिविल लाइन करनाल