करनाल। पश्चिमी यमुना नहर बाईपास पर बुधवार को जिस गाड़ी से टक्कर के बाद दो लोगों की मौत हुई थी, वह गाड़ी सीआईए के इस्तेमाल में थी। मामले में जांच के बाद वीरवार को रामनगर थाना पुलिस ने गाड़ी के चालक सिपाही रोबिन को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। इससे पहले वीरवार की दोपहर के समय कार्रवाई न होने पर दोनों मृतकों के परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के शवगृह के बाहर दो घंटे तक हंगामा किया। गिरफ्तारी की सूचना और केस दर्ज होने के बाद ही वे शांत हुए और शाम को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
बुधवार सुबह शिव कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय भीम सिंह और शिवाजी कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय जगत सिंह की एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी की टक्कर से मौत हो गई थी। हादसा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास उस समय हुआ जब दोनों पैदल घोघड़ीपुर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों घायलों को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में नया मोड़ तब आया जब परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसा करने वाली गाड़ी पर पुलिस का स्टीकर लगा हुआ था। उन्होंने गाड़ी की फोटो और नंबर पुलिस को सौंपा। जांच के दौरान सामने आया कि उक्त बोलेरो गाड़ी सीआईए के पास इस्तेमाल में थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। रामनगर थाना के प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि मामले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं में पहले ही केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।