करनाल। मुगल माजरा गांव में 50 रुपये के लेन-देन पर दो पक्षों में आपसी विवाद हो गया। झगड़े में बीचबचाव करने आया व्यक्ति प्रवीन घायल हो गया। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि उनके बेटे राहुल पर भी गंडासी से हमला किया गया था। वह घायल हो गया था। लापता है। कुंजपुरा थाना पुलिस में मामले में महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुगल माजरा निवासी महिला बिमला ने शिकायत में बताया कि उनके घर पर एक लड़का रहता है। वीरवार को वह दूध लेने के लिए गया था। रास्ते में दीपक ने उसे रोक लिया। कहा कि राहुल को उसके 50 रुपये देने हैं। इस पर लड़के ने कहा कि उसे इस लेन-देन की जानकारी नहीं है और इस बारे में उन्हें राहुल से बात करनी चाहिए। आरोप है कि इस बात पर दीपक ने उसे थप्पड़ मार दिया। लड़के ने घर आकर पूरी घटना राहुल को बताई।
महिला के अनुसार, इसके बाद उनका बेटा राहुल बाइक लेकर दीपक के पास पहुंचा और पूछा कि लड़के को क्यों मारा गया। इस बात पर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि दीपक और उसके साथियों ने मिलकर राहुल पर हमला कर दिया। गंडासी से वार किया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। बीचबचाव करवाने आए व्यक्ति प्रवीन ने बताया कि वह एक्टिवा पर वहां से गुजर रहे थे। राहुल के साथ मारपीट होती देखकर बीचबचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।
परिजन का कहना है कि घटना के बाद से राहुल का कोई पता नहीं चल पाया है। उन्हें आशंका है कि आरोपियों ने उसके साथ कोई अनहोनी कर दी हो। कुंजपुरा थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।