करनाल/तरावड़ी। दिवाली पर रविवार की रात को पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। डांड रोड स्थित बदरी एग्रो राइस मिल में बॉयलर और मिलिंग प्लांट पर काम करने वाले दो श्रमिक गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान बॉयलर पर काम करने वाली लेबर के फोरमैन रामभरोसे ने मिलिंग प्लांट के ठेकेदार राधेश्याम के सिर पर कस्सी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से राधेश्याम की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तरावड़ी थाना पुलिस, डीएसपी सोनू नरवाल और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा गार्ड की शिकायत पर फोरमैन समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव सांभली निवासी अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बदरी एग्रो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, बीड़ डिडांरी स्थित राइस मिल में सुरक्षा गार्ड है। आठ नवंबर को उसकी ड्यूटी शाम छह बजे से अगले दिन सुबह सात बजे तक थी। रात करीब नौ बजे उसे मिल में दो पक्षों के बीच झगड़ा होने की सूचना मिली। एक पक्ष बॉयलर पर काम करने वाली लेबर का था, जिसका फोरमैन रामभरोसे है। दूसरे पक्ष में मिलिंग प्लांट पर काम करने वाले कर्मचारी थे, जिनका ठेकेदार राधेश्याम था। दोनों पक्षों के बीच दिवाली के पटाखे चलाने को लेकर विवाद हुआ था।
गार्ड के पहुंचने तक ठेकेदार की जा चुकी थी जान
अजय ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो राधेश्याम की मौत हो चुकी थी। पूछताछ में पता चला कि रामभरोसे ने राधेश्याम के सिर पर कस्सी से वार किया था। शिकायत में अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू और अन्य लोगों पर भी राधेश्याम के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। राधेश्याम की लेबर से हरिमोहन, विजय बहादुर, नितिश और अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। मृतक और दोनों पक्षों के कर्मचारी बिहार के नाथपुर के रहने वाले हैं।
रात ढाई बजे दर्ज हुआ हत्या का केस
घटना की सूचना मिलने पर तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। सुरक्षा गार्ड की शिकायत के आधार पर रात करीब ढाई बजे रामभरोसे, अखिलेश, अश्वनी, लाल बाबू समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी जगदीश पांडे ने बताया कि मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया है।
मौके से भागे आरोपी
डीएसपी सोनू नरवाल ने बताया कि सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी मौके से भाग गए हैं।
घटना स्थल पर पहुंच कर जांच करती पुलिस टीम । संवाद