- आसपास खड़े लोगों को लुटेरे ने तमंचा लहराकर धमकाया, बीच-बचाव में कोई नहीं आया
संजू कुमार
करनाल। नमस्ते चौक पर आढ़ती से 10 लाख रुपये लूटने वाले लुटेरे स्थानीय भाषा में बात कर रहे थे। आढ़ती से लूट के बाद बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे ने हवा में तमंचा लहराते हुए आसपास मौजूद लोगों को भी धमकाया। लुटेरे ने कहा कि इब कोय आगै आया, समझ ल्यो मर गया...। भय से कोई भी आढ़ती को बचाने के लिए आगे नहीं आया। सभी तमाशबीन बने रहे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दावा है कि जल्द लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा।
बदमाशों ने जब आढ़ती बलजीत शर्मा की बाइक को टक्कर मारने के बाद घेरा तो उनके सीने पर तमंचा तानकर बोला कि बैग दो वरना जान से मार देंगे। बाइक में पीछे बैठे बदमाश ने आढ़ती से 10 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। बैग में चेक बुक और अन्य जरूरी दस्तावेज भी थे। आढ़ती ने बदमाशों से रकम लेने और दस्तावेज देने के लिए भी कहा, लेकिन बदमाशों ने ध्यान नहीं दिया। आढ़ती के मुताबिक लूट की वारदात को पास खड़े करीब पंद्रह-बीस लोग देख रहे थे, जिन पर नजर जाने पर बाइक में बैठते वक्त लुटेरे ने तमंचा हवा में लहराया और लोगों की तरफ देखते हुए धमकी दी और फरार हो गए। संवाद
आढ़ती खुद पहुंचा पुलिस चौकी
जिस जगह वारदात हुई, उससे महज 200 मीटर की दूसरी पर सेक्टर-4 की पुलिस चौकी है। नमस्ते चौक पर भी पुलिस मौजूद रहती है, इसके बावजूद बेखौफ लुटेरों ने वारदात की। वारदात के बाद आढ़ती सेक्टर-4 पुलिस चौकी पहुंचा और अपने साथ लूट की वारदात को अंजाम होने की सूचना दी। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
सीसीटीवी कैमरों के जरिए बदमाशों का लगाया जा रहा सुराग
पुलिस ने मौके पर जाकर सीसीटीवी कैमरे से फुटेज ली है। जिसके जरिए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पेट्रोल पंप पर लगे कैमरे में घटना कैद हुई है। जहां से बदमाश नमस्ते चौक से सेक्टर-चार की ओर भागते दिखाई दिए। कैमरे में बदमाशों की बाइक के नंबर की भी जानकारी दी जा रही है। ताकि जल्द बदमाशों को पकड़ा जा सके।
आढ़ती से लूटपाट करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। जल्द बदमाशों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
- शशांक कुमार, एसपी करनाल