असंध। हांसी बुटाना नहर के पास टैंकर और कैंटर की टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों ही आटे से भरे कैंटर में सवार थे। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार टैंकर ने अचानक ब्रेक लगाया और पीछे से टकराकर कैंटर पलट गया। मृतकों की पहचान अलवाला निवासी धर्मबीर-48 और जितेंद्र-35 के रूप में हुई।
अलवाला निवासी सुशील कुमार ने बताया कि धर्मबीर और जितेंद्र सगे भाई हैं, जो कैंटर में आटा सप्लाई करने का काम करते हैं। शुक्रवार की देर शाम कैंटर पर सवार होकर महाबीर और अभिषेक के साथ दोनों ही भाई आटा सप्लाई करने जा रहे थे। जैसे ही वे हांसी बुटाना के पास पहुंचे तो आगे चल रहे टैंकर ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे टकराकर कैंटर पलट गया। हादसे में धर्मबीर और जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महाबीर और अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि घायलों को उपचार के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया।
पिता के अंतिम संस्कार के बीच बेटे-बेटी ने दी इंटर की परीक्षा
परिजनों का कहना है कि धर्मबीर बच्चों को पढ़ाकर बड़ा अफसर बनाना चाहता था। उसका सपना था कि बेटा नितिन विदेश में जाकर नौकरी करे, जबकि तानिया को वे आईएएस अफसर बनाना चाहते थे। यही कारण है पिता की मौत के बाद घर पर एक ओर जहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, वहीं दोनों बेटे-बेटी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। शनिवार को दोनों ने इंटर की परीक्षा दी। इसके बाद धर्मबीर का अंतिम संस्कार किया गया।